Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशएफएक्यू मापदंड की उपज की ही होगी खरीदी, कृषि अधिकारियों ने किया...

एफएक्यू मापदंड की उपज की ही होगी खरीदी, कृषि अधिकारियों ने किया मूंग खरीदी केंद्रों का निरीक्षण

ग्रीष्मकालीन मूँग एवं उड़द के उपार्जन पर निगरानी रखने तथा वास्तविक किसानों से और एफएक्यू मापदंड की उपज की ही खरीदी सुनिश्चित करने के जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देशानुसार कृषि अधिकारियों के दल ने आज रविवार को सिहोरा तहसील के तीन खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया।

उपसंचालक कृषि डॉ एसके निगम के नेतृत्व में किये गये निरीक्षण में सहायक संचालक कृषि अमित पांडे, अनुविभागीय कृषि अधिकारी सिहोरा मनीषा पटेल एवं वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी जेएस राठौर शामिल थे। कृषि अधिकारियों के इस दल ने घाट सिमरिया स्थित त्रिपुरी वेयर हाउस, कछपूरा स्थित सियाराम वेयर हाउस एवं फनवानी स्थित कल्पना वेयर हाउस का निरीक्षण किया।

इस दौरान खरीदी केंद्र प्रभारियों, समिति प्रबंधकों एवं सर्वेयर्स को किसानों से निर्धारित गुणवत्ता की ही मूँग की खरीदी करने के निर्देश दिये गये। साथ ही उन्हें तौल के तुरंत बाद पूरी उपज ऑनलाइन दर्ज करने की हिदायत भी दी गई। अधिकारियों ने कछपुरा स्थित खरीदी केंद्र सियाराम वेयर हाउस में मूँग के एक ढेर में मानक स्तर से अधिक नमी पाये जाने पर उसे सबंधित किसान को वापस करने के निर्देश सर्वेयर को दिये गये।

उपसंचालक कृषि डॉ एसके निगम ने बताया कि ग्रीष्मकालीन मूँग और उड़द के उपार्जन केंद्रों का सोमवार को भी निरीक्षण जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा तय अवधि के मुताबिक किसानों से ग्रीष्मकालीन मूँग और उड़द के उपार्जन का सोमवार 5 अगस्त अंतिम दिन है।

Related Articles

Latest News