Tree Plantation : जबलपुर, 10 अगस्त। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के सुरक्षा विभाग के अधिकारियों एवं सुरक्षा कार्मिकों ने रामपुर परिसर स्थित टावर गेट (रामपुर गेट) सुरक्षा चौकी के निकट फलदार पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर सुरक्षा दस्ते के प्रत्येक कार्मिक ने एक-एक पौधे के संरक्षण और उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पावर मैनेजमेंट कंपनी के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) फिरोज कुमार मेश्राम, अतिरिक्त मुख्य अभियंता अनुराग नायक एवं महाप्रबंधक (प्रशासन) नितिन खत्री ने पौधारोपण किया। इसके पश्चात सुरक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने भी पौधे लगाए और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यपालक निदेशक फिरोज कुमार मेश्राम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक दिन की औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवनभर निभाया जाने वाला संकल्प है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
प्रत्येक व्यक्ति को पौधा लगाने के साथ उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन के प्रत्येक सुखद अवसर को पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित कर सकते हैं।
सुरक्षा अधिकारी रामनारायण यादव ने कहा कि सुरक्षा विभाग के कार्मिकों ने पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ अपने सामाजिक दायित्व के निर्वहन की पहल की है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा दस्ते के प्रत्येक कार्मिक ने एक-एक पौधे के संरक्षण की व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेने का संकल्प किया है, जिससे पौधों की नियमित देखभाल और उनकी वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
10 हजार से अधिक पौधों का रोपण, 95 प्रतिशत से अधिक पौधे सुरक्षित
उल्लेखनीय है कि पावर मैनेजमेंट कंपनी के सिविल निकाय द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले दो वर्षों के दौरान रामपुर, नयागांव एवं ललपुर परिसरों में 10 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया है। इनमें से 95 प्रतिशत से अधिक पौधे अब सुरक्षित रहकर वृक्ष का रूप ले चुके हैं।
पौधों के संरक्षण की इस सफलता से कंपनी परिसरों में हरित क्षेत्र का विस्तार होने के साथ पर्यावरणीय संतुलन को भी मजबूती मिली है।
कार्यक्रम का संयोजन सुरक्षा अधिकारी प्रवीण कपूर एवं सुरक्षा निरीक्षक संजय सिंह ने किया। सुरक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की।








