मध्य प्रदेश के पांढुर्णा में गुरुवार शाम प्रशासनिक सख्ती का ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने पूरे प्रदेश का ध्यान खींच लिया। एसडीएम अलका इक्का का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे खुद जेसीबी मशीन की स्टीयरिंग संभालकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त करती नजर आ रही हैं।
इस कार्रवाई से भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया और प्रशासन की निडर कार्यशैली की खूब तारीफ हुई।
कॉलोनियों में अवैध रूप से भूमि बदलाव का मामला
कलेक्टर कार्यालय को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि वरुड मार्ग और अमरावती रोड क्षेत्र की उपजाऊ कृषि भूमि को बिना अनुमति अवैध कॉलोनियों में बदला जा रहा है।
जांच में पता चला कि सौसर निवासी प्रदीप नेहारे ने फर्जी लेआउट तैयार कर सड़कों का निर्माण कराया और बिना अनुमति बिजली के खंभे खड़े कर दिए। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (TNCP) की मंजूरी के बिना जमीनों को कॉलोनी बताकर आम लोगों को बेचा जा रहा था।
प्रशासन ने मौके पर की सख्त कार्रवाई
शिकायतों की पुष्टि होते ही प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की।
-
एसडीएम अलका इक्का ने मौके पर न केवल निर्देश दिए, बल्कि खुद जेसीबी चलाकर बाउंड्री वॉल, सड़कों और अन्य निर्माण ध्वस्त किए।
-
उनके साथ तहसीलदार विनय प्रकाश ठाकुर ने ट्रैक्टर चलाकर अवैध निर्माण सामग्री जब्त कर सरकारी वाहन में भरवाई।
वायरल वीडियो में उनका निडर और दृढ़ रवैया साफ दिखाई दे रहा है।
नागरिकों से अलका इक्का की अपील
कार्रवाई के बाद एसडीएम अलका इक्का ने मीडिया से कहा कि नागरिक अपनी जीवनभर की कमाई किसी अवैध प्रोजेक्ट में निवेश न करें।
-
प्लॉट या मकान खरीदने से पहले RERA पंजीयन, डायवर्सन, लेआउट मंजूरी और अन्य कानूनी दस्तावेजों की पूरी जांच करना आवश्यक है।
लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की खुले दिल से सराहना की और इसे ईमानदार और निडर प्रशासनिक कार्यवाही का उदाहरण बताया।











