छतरपुर। एमपी के छतरपुर स्थित नए चंद्रपुरा क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है, यहां पर एक साल बाद अपनी ससुराल लौटी बहू ने सास-ससुर पर हमला कर दहेज में दी गई मोटर साइकल को दूसरी बाइक में बांधकर अपने साथ ले गई। महिला के साथ उसके पिता व अन्य लोग साथ में आए थे।
बताया गया है कि रोशनी की शादी लक्ष्मण कुशवाहा से 4 मार्च 2024 को हुई थी। शादी के बाद उनका दांपत्य जीवन लगभग 10 महीने चला। 27 दिसंबर 2024 को रोशनी का सास-ससुर से विवाद हुआ। इसके बाद वह अपने पिता किशनलाल कुशवाहा के साथ मायके चली गई थी।
करीब 10 माह बाद बीते दिन रोशनी अपने पिता व अन्य लोगों के साथ मोटरसाइकिल पर ससुराल पहुंची। वहां उसने सास-ससुर के साथ जमकर मारपीट की और दहेज में मिली बाइक को बिना चाबी दूसरी बाइक से बांधकर अपने साथ ले गई। इस दौरान पति लक्ष्मण कुशवाहा भी इस तमाशे को देखता रहा, लेकिन पत्नी के साथ आई भीड़ को देखकर कुछ कह नहीं पाया।
पीडि़त पति लक्ष्मण कुशवाहा ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि उन्हें पत्नी और ससुराल पक्ष से जान का खतरा है। लक्ष्मण ने बताया कि वह पत्नी के साथ रहना चाहते हैं, लेकिन ससुराल के लगातार हस्तक्षेप से दांपत्य जीवन में कलह बढ़ती गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।











