Tuesday, July 14, 2026
Homeमध्य प्रदेशMPPMCL : पावर मैनेजमेंट कंपनी में मास कम्युनिकेशन छात्रों का प्रशिक्षण शुरू

MPPMCL : पावर मैनेजमेंट कंपनी में मास कम्युनिकेशन छात्रों का प्रशिक्षण शुरू

MPPMCL :जबलपुर, 14 जुलाई। एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के जनसम्पर्क कार्यालय में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के संचार अध्ययन एवं शोध विभाग के बीए मास कम्युनिकेशन द्वितीय वर्ष के विद्यार्थ‍ियों का कार्य अनुभव प्रश‍िक्षण सत्र प्रारंभ हो गया।

पावर मैनेजमेंट कंपनी के कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन व प्रशासन एफके मेश्राम ने विद्यार्थ‍ियों को संबोध‍ित करते हुए कहा कि मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थी के रूप में आप ऐसे क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं, जहाँ आपकी लेखनी, आपकी दृष्टि और आपकी संवेदनशीलता समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन सकती है।

आज के डिजिटल युग में सूचना का प्रवाह अत्यंत तीव्र है, इसलिए सही तथ्यों का संकलन, निष्पक्ष विश्लेषण और जिम्मेदार प्रस्तुति पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थ‍ियों के लिए जनसम्पर्क गतिविध‍ि का सात दिन का गहन प्रश‍िक्षण निश्च‍ित रूप से लाभदायक सिद्ध होगा।

प्रश‍िक्षण सत्र के शुभारंभ अवसर पर पावर मैनेजमेंट कंपनी के अतिरिक्त मुख्य अभ‍ियंता मानव संसाधन व प्रशासन अनुराग नायक, प्रबंधक मानव संसाधन पराग मिश्रा व जनसम्पर्क अध‍िकारी पंकज स्वामी उपस्थि‍त थे।

अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक अनुराग नायक ने विद्यार्थ‍ियों से अपेक्षा की कि वे पत्रकारिता के मूल्यों—सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने व्यक्तित्व का अभिन्न अंग बनाएँगे। उन्होंने मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थि‍यों से कहा कि आपकी शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक ऐसे संचारक के रूप में विकसित होना चाहिए जो समाज की आवाज़ को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त कर सके और राष्ट्र निर्माण में अपनी सार्थक भूमिका निभा सके। प्रबंधक मानव संसाधन पराग मिश्रा ने विद्यार्थ‍ियों को विद्युत कंपनियों में जनसम्पर्क अध‍िकारी पद की संभावनाओं पर जानकारी दी।

पावर मैनेजमेंट कंपनी के जनसम्पर्क अध‍िकारी पंकज स्वामी ने विद्यार्थ‍ियों को जानकारी दी कि कार्य अनुभव प्रश‍िक्षण सत्र के दौरान उन्हें विषय के अनुसार समाचार पत्रों से समाचारों का चयन कर पत्र कतरन तैयार करने से ले कर समाचार लेखन, फीचर लेखन, विज्ञापन, सोशल मीडिया के लिए संदेश निर्माण, ऑड‍ियो विजुअल माध्यम के उपयोग, फोटोग्राफी और शासकीय कार्यों के क्रि‍यान्वयन की बारीक ज्ञान से परिचित करवाया जाएगा।

कार्य अनुभव प्रश‍िक्षण सत्र के प्रतिभागी आर्या शर्मा, प्राची शर्मा, नेहा दत्ता, मोनालिसा सोनकर, यशस्वी पांडे, संध्या विश्वकर्मा, चंद्रशेखर शर्मा, अनंत शर्मा, हेमराज सिंह नाहर, सर्वेश कुमार सेन, सुंदर लाल बर्मन व सत्य दीप शाह हैं। कार्य अनुभव प्रश‍िक्षण सत्र का संयोजन व समन्वय संचार अध्ययन एवं शोध विभागाध्यक्ष प्रो. धीरेन्द्र पाठक व अति‍थ‍ि व्याख्याता डा. संजीव श्रीवास्तव कर रहे है।

Related Articles

Latest News