Sunday, March 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशमां से बात न कराने पर हॉस्टल से लापता दो छात्र आलमारी...

मां से बात न कराने पर हॉस्टल से लापता दो छात्र आलमारी में छिपे मिले

जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित माढ़ोताल क्षेत्र स्थित ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल हॉस्टल से रात दो छात्र लापता हो गए। देर रात उनकी तलाश के बाद दोनों क्लास में रखी अलमारी में छिपे मिले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

स्कूल प्रबंधन ने बताया कि रात में दोनों छात्रों के हॉस्टल में न मिलने पर तलाश की गई, जब कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस अधिकारियों को खबर दी गई। पुलिस टीम रात करीब 12 बजे स्कूल पहुंची, स्कूल गेट के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में दोनों छात्र परिसर से बाहर जाते दिखाई नहीं दिए। इसके बाद हॉस्टल और स्कूल परिसर में सघन तलाशी ली गई। करीब तीन घंटे की तलाश के बाद दोनों छात्र कक्षा की अलमारी में छिपे मिले।

उनकी पहचान सार्थक पटेल और आलोक के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। छात्र सार्थक पटेल ने बताया कि दो सप्ताह से घर पर बात नहीं कराई जा रही थी। शाम करीब 7 बजे वह साथी के साथ कक्षा में गया और बाद में अलमारी में छिप गया। उसने कहा कि रविवार को भी माता-पिता से फोन पर बात नहीं कराई गई थी। नरसिंहपुर गोटेगांव निवासी सीताराम पटेल ने बताया कि उनका बेटा कक्षा 6 में पढ़ता है।

उन्होंने कहा कि हर रविवार बच्चों से फोन पर बात कराने का नियम है, लेकिन कई बार कॉल के बावजूद बात नहीं कराई जाती। थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा प्राथमिकता है। पुलिस यह जांच कर रही है कि मामला प्रताडऩा से जुड़ा है या संवाद की कमी से।

Related Articles

Latest News