Saturday, May 4, 2024
Homeराष्ट्रीयश्रीराम जन्मभूमि मंदिर में गणतंत्र दिवस के दिन ढाई लाख से अधिक...

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में गणतंत्र दिवस के दिन ढाई लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किये दर्शन

अयोध्या (हि.स.)। हर रामभक्त को श्रीरामलला के सुगम दर्शन-पूजन कराने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों और प्रबंधन का सकारात्मक असर हो रहा है। शुक्रवार को गणतंत्र दिवस के दिन अवकाश की स्थिति के बीच अयोध्या में उमड़े करीब ढाई लाख दर्शनार्थियों ने कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार किया और फिर बड़ी सुगमता से श्रीरामलला का दर्शन लाभ प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर एक बार फिर प्रमुख सचिव गृह, संजय प्रसाद और डीजी कानून व्यवस्था, प्रशांत कुमार, अयोध्या पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। देर शाम लखनऊ वापस लौटे दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने अयोध्या की सामान्य स्थितियों से मुख्यमंत्री को अवगत भी कराया।

अयोध्या पहुंचे दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस महानिरीक्षक, मंडलायुक्त, जिला अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदि अधिकारियों के साथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर का भ्रमण किया। श्रद्धालुओं से बातचीत भी की और सुगम दर्शन सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक प्रबंध भी किए।

बतादें कि श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही मुख्यमंत्री योगी द्वारा श्रद्धालुओं के दर्शन, निवास, आवागमन, सुरक्षा सहित हर बिंदु पर लगातार समीक्षा करते हुए व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है। ठंड को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए अलाव आदि के भी समुचित इंतजाम किये गए हैं।

इससे पहले शुक्रवार प्रातःकाल भी स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मंदिर परिसर का निरीक्षण किया गया था। सभी श्रद्धालु श्रद्धापूर्वक पंक्तिबद्ध होकर दर्शन कर रहे हैं तथा प्रसाद भी प्राप्त कर रहे हैं।

टॉप न्यूज