Saturday, May 4, 2024
Homeराष्ट्रीयआचार संहिता से पहले राजस्थान सरकार ने बोर्ड-आयोगों में की नई नियुक्तियां

आचार संहिता से पहले राजस्थान सरकार ने बोर्ड-आयोगों में की नई नियुक्तियां

जयपुर (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने से पहले मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व वाली राजस्थान सरकार ने शनिवार को कई राजनीतिक नियुक्तियां कीं। इनमें जसवन्त बिश्नोई को राज्य पशु कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। प्रह्लाद टांक को माटी कला बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया। ओम प्रकाश भड़ाना को राजस्थान देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष का पदभार सौंपा गया है। राजेंद्र नायक को राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति विकास आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। सीआर चौधरी को राज्य किसान आयोग का अध्यक्ष बनाया गया। प्रेम सिंह बाजौर को राज्य सैनिक कल्याण सलाहकार समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।

भजनलाल सरकार ने आयोग, बोर्ड और निगमों में सात नेताओं को अध्यक्ष बनाया है। राजनीतिक रूप से अहम माने जाने वाले किसान आयोग, देवनारायण बोर्ड, एससी वित्त निगम, सैनिक कल्याण समिति में बीजेपी नेताओं को अध्यक्ष बनाया है। इन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने के आदेश अलग से जारी होंगे। नागौर से पूर्व भाजपा सांसद सीआर चौधरी को राजस्थान किसान आयोग अध्यक्ष और जोधपुर से पूर्व भाजपा सांसद जसवंत विश्नोई को जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति दी गई है। ओमप्रकाश भडाना को देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष, पूर्व विधायक प्रेम सिंह बाजौर को राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति में अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रह्लाद टांक को माटी कला बोर्ड अध्यक्ष बनाया है। राजेंद्र नायक को राजस्थान राज्य एससी वित्त निगम अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया है। राजेंद्र एससी मोर्चा के उपाध्यक्ष हैं। रामगोपाल सुथार को विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया। जोधपुर से पूर्व सांसद जसवंत विश्नोई नाराज चल रहे थे। उन्होंने पिछले दिनों सोशल मीडिया पोस्ट करके इशारों में नाराजगी जाहिर की थी। पश्चिमी राजस्थान में प्रभावशाली विश्नोई समाज से आने वाले जसवंत विश्नोई को राजनीतिक नियुक्ति देकर सियासी मैसेज देने के साथ उनकी नाराजगी दूर करने का प्रयास किया गया है।

लोकसभा चुनाव से ठीक पहले छह राजनीतिक नियुक्तियां देकर भाजपा सरकार ने छह बड़े वोट बैंक को मैसेज देकर साधने का प्रयास किया है। जाट, राजपूत, विश्नोई, गुर्जर, एससी, मूल ओबीसी को साधा गया है। किसान आयोग अध्यक्ष पद पर सीआर चौधरी को नियुक्ति देकर जाट वर्ग को मैसेज देने का प्रयास किया है। देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष बनाकर गुर्जर समाज को साधने का प्रयास किया है। सैनिक कल्याण समिति में पूर्व विधायक प्रेम सिंह बाजौर को नियुक्ति देकर राजपूत समाज को मैसेज देने का प्रयास किया है। एससी वित्त विकास निगम के जरिए दलित वोटर्स, माटी कला बोर्ड और विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के जरिए मूल ओबीसी को मैसेज दिया गया है।

टॉप न्यूज