Monday, May 20, 2024
Homeटॉप न्यूजभारत जोड़ो न्याय यात्रा ने देशवासियों में न्याय की उम्मीद जगाई: कांग्रेस

भारत जोड़ो न्याय यात्रा ने देशवासियों में न्याय की उम्मीद जगाई: कांग्रेस

रायपुर (हि.स.)। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा सोमवार को रायगढ़ सक्ती होते हुए कोरबा और ग्राम बरपाली पहुंची। बरपाली में एक संवाददाता सम्मेलन को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने संबोधित किया। भारत जोड़ो न्याय यात्रा को सफलता मिलने का दावा करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस यात्रा ने देशवासियों में न्याय की उम्मीद जगाई। इस यात्रा से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में संचार होगा। लोकसभा चुनाव में भी इस यात्रा का राजनीतिक लाभ मिलेगा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ में यह यात्रा आई है। भले ही यहां हमारी सरकार नहीं बनी हो लेकिन हमारी सरकार की जो नीतियां और पॉलिसी थी उसको लोगों ने बहुत पसंद किया है, इसलिए कांग्रेस यहां मजबूत है।राहुल गांधी की यात्रा के बाद कांग्रेस और मजबूत होगी।

जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा का 30वां दिन है। यह न्याय यात्रा पांच न्याय के लिए है। संविधान का जो मूल उद्देश्य है, उसके लिए यह यात्रा है। पिछला 10 साल अन्याय का काल रहा है। नारी न्याय, युवा न्याय, किसान न्याय, श्रमिक न्याय और हिस्सेदारी का न्याय की बात कांग्रेस कर रही है। यह पूरी तरह से वैचारिक यात्रा है। यात्रा को लेकर सचिन पायलट ने कहा कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक जो यात्रा रही, उसका असर पूरे भारत में पड़ा था। इसलिए पूर्व से पश्चिम तक की एक और यात्रा राहुल गांधी कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है, हर वर्ग का समर्थन यात्रा को मिल रहा है। एक चेतना देश में अब जागृत हो चुकी है। हमारी सरकार की जो नीतियां थी। उसका लाभ क्षेत्रवासियों को मिलेगा। भूपेश बघेल ने यात्रा को लेकर कहा कि छत्तीसगढ़ से राहुल गांधी का रिश्ता पुराना है। राहुल गांधी यहां आते रहे हैं। पहले भी इस क्षेत्र में राहुल गांधी आए थे। देश के विकास में सबकी भागीदारी है। हम सब देश को भाईचारा के साथ आगे बढ़ाना चाहते हैं।

डॉ. चरण दास महंत ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर कहा कि जल-जंगल-जमीन का जो मुद्दा है, उस मुद्दे के साथ राहुल खड़े हैं। अडाणी को अवैध लाभ पहुंचाने की कोशिश हो रही है। जंगल और आदिवासी तबाह हो रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में यात्रा का दूसरा दिन है। छत्तीसगढ़ के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। हमें अन्याय के खिलाफ लड़ना है। लोकसभा में मोदी सरकार को हराना है।

विपक्षी गठबंधन के बारे में पूछे गए प्रश्न पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दावा किया कि गठबंधन पूरी तरह मजबूत है। सिर्फ नीतीश जी ने पलटी मारी है और आरएलडी पलटी मारने में लगी है। 28 पार्टियां थी हमारे गठबंधन में अभी दो पार्टियां घटी है। आम आदमी पार्टी, डीएमके, टीएमसी और अन्य दलों के साथ हमारी शीट शेयरिंग की बात चल रही है। इंडिया गठबंधन को नीतीश जी और आरएलडी के जाने से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।

कांग्रेस की लड़ाई पूंजीवाद के खिलाफ: कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई पूंजीवाद के खिलाफ है। मोदी जी ने कहा था वन नेशन वन टैक्स, फिर वह कह रहे हैं, वन नेशन वन इलेक्शन। हकीकत यह है कि मोदी जी के शासन में वन नेशन वन कंपनी हो गया है। इसी पूंजीवाद के खिलाफ न्याय यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा में आवाज उठाई जा रही है। कई कंपनियां, एयरपोर्ट, बंदरगाह और इस्पात के कारखाने बेचे गए हैं। पीएम और उनके दोस्त किसी भी सरकारी कंपनी को छोड़ना नहीं चाहते हैं। एनएमडीसी को बेचने में वह लगे हुए थे जिसका बघेल जी ने खुलासा किया था। एक ही मित्र को फायदा पहुंचाने के लिए यह काम किया जा रहा है। मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि अगर मोदी जी की सरकार दोबारा आई तो वह कोरबा के एनटीपीसी को भी बेच देंगे। सभी इस्पात कारखाने बोकारो, भिलाई, दुर्गापुर, राउरकेला पर भी इनकी नजर है और यह सारे स्टील प्लांट खतरे में है।

संबंधित समाचार