Thursday, May 9, 2024
Homeटॉप न्यूजलोकसभा चुनाव 2024: भाजपा ने छत्तीसगढ़ के लिए सभी सीटों पर की...

लोकसभा चुनाव 2024: भाजपा ने छत्तीसगढ़ के लिए सभी सीटों पर की उम्मीदवारों की घोषणा

रायपुर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए सभी 11 नामों की घोषणा कर दिया है। शनिवार को भाजपा के संवाददाता सम्मेलन में इन नामों की घोषणा की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ से राधेश्याम राठिया, जांजगीर चांपा से कमलेश जांगड़े, कोरबा से सरोज पांडेय, बिलासपुर से तोखन साहू, राजनांदगांव से संतोष पांडेय, दुर्ग से विजय बघेल, रायपुर से बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद से रूप कुमारी चौधरी, बस्तर से महेश कश्यप और कांकेर से भोजराज नाग को पार्टी का लोकसभा उम्मीदवार बनाया गया है।

मौजूदा समय में साय सरकार में मंत्री बृजमोहन अग्रवाल आठवीं बार के विधायक हैं। वह अविभाजित मध्यप्रदेश में पटवा सरकार में मंत्री रहे। इसके बाद रमन सरकार के तीनों कार्यकाल में मंत्री रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार महंत रामसुंदर दास को 67 हजार 919 मतों के अंतर से हराया। बृजमोहन अग्रवाल का जन्म एक मई 1959 को रायपुर में हुआ था। कामर्स व आर्ट्स दोनों विषय से पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले बृजमोहन अग्रवाल ने एलएलबी की डिग्री भी ली है। वे मध्य प्रदेश से बंटवारे से पूर्व भी मंत्री का पद संभाल चुके हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा द्वारा उन्हें सर्वश्रेष्ठ विधायक का पुरस्कार भी प्रदान किया गया है। अग्रवाल ने मात्र 16 साल की उम्र में ही 1977 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सदस्यता ले ली थी। वर्ष 1981 और 1982 के दौरान वे छात्रसंघ के अध्यक्ष भी रहे। 1984 में वे भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बने। 1988 से 1990 तक वे भाजयुमो के युवा मंत्री भी रहे। 1990 में वे पहली बार मध्यप्रदेश विधानसभा में विधायक चुनकर आए। वे राज्य के सबसे युवा एमएलए थे। इसके बाद से 1993, 1998, 2003, 2008, 2013, 2018 और 2023 में वे विधायक चुने गए।

डाॅ. सरोज पाण्डेय भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं और हाल ही में राज्यसभा का कार्यकाल पूरा किया है। डाॅ. पाण्डेय महापौर, विधायक और सांसद भी रह चुकी हैं। कोरबा सामान्य सीट होने की वजह से उन्हें यहां से उतारा जा रहा है। कोरबा लोकसभा क्षेत्र के लिए अब तक तीन बार 2009, 2014, 2019 में चुनाव हुए हैं। इसमें 2009 और 2019 का चुनाव कांग्रेस के उम्मीदवार डाॅ. चरणदास महंत और ज्योत्सना महंत ने जीता। 2014 में भाजपा के डाॅ. बंशीलाल महतो को विजय मिली थी। छतीसगढ़ में कोरबा व जगदलपुर लोकसभा सीट पर भाजपा को 2019 के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।

कोरबा लोकसभा एक ऐसी सीट, जिसे 2019 के चुनाव में भाजपा ने गंवा दिया था। बीते साल हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कोरबा लोकसभा के अंतर्गत आने वाली आठ में छह सीटों पर जीत हासिल की। भाजपा ने कोरबा जिले में स्थित चार विधानसभा में कोरबा, कटघोरा को जीता। पार्टी को कोरबा से 25,629 तथा कटघोरा से 16,900 मतों की बढ़त मिली। भाजपा ने कोरिया जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर कब्जा किया। पार्टी को भरतपुर- सोनहत से 14,919, बैकुंठपुर से 25,413 एवं मनेन्द्रगढ़ से 11,880 वोटों के अंतर जीत मिली। बिलासपुर जिले की मरवाही सीट पर भाजपा ने 12,078 वोटों की बढ़त हासिल की। इन छह सीटों पर भाजपा की कुल बढ़त 96 हजार 819 मतों की रही। भाजपा के मुकाबले कांग्रेस 98 हजार 194 वोटों से पीछे रही। कांग्रेस को केवल कोरबा जिले की रामपुर सीट पर ही जीत मिली। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने पाली तानाखार क्षेत्र अपने नाम किया। भाजपा ने मिली 96 हजार 819 मतों की बढ़त की बदौलत आस लगी रखी है कि लोकसभा चुनाव में पार्टी जीत का परचम लहराएगी।

संबंधित समाचार