Friday, May 3, 2024
Homeराष्ट्रीयचार निर्दलीय विधायकों ने दिया भाजपा को समर्थन, बागियों की भी हुई...

चार निर्दलीय विधायकों ने दिया भाजपा को समर्थन, बागियों की भी हुई वापसी

जयपुर (हि.स.)। राजस्थान में एक बार फिर शनिवार को भाजपा का कुनबा बढ़ गया। राजस्थान के चार दिग्गज निर्दलीय विधायकों ने आज शनिवार को भाजपा को अपना समर्थन दिया। वहीं पूर्व सांसद गोपाल सिंह ईडवा ने भाजपा का दामन थाम लिया। चार निर्दलीय विधायकों ने शनिवार को भाजपा को अपना समर्थन दे दिया। इनमें चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह, सांचौर विधायक जीवाराम चौधरी, हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज और बयाना से विधायक ऋतु बनावत शामिल हैं। इसके साथ ही पूर्व सांसद गोपाल सिंह ईड़वा ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा से बागी होकर कोटपूतली से चुनाव लड़ने वाले मुकेश गोयल, बस्सी से चुनाव लड़ने वाले जितेंद्र मीणा, जालम सिंह रावलोत, विकेश खोलिया, सुखवंत सिंह, विजय मीणा और दानाराम चौधरी भी भाजपा में शामिल हुए।

राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के कार्यकाल का एक साल पूरे होने के मौके पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में शनिवार दोपहर विजय संकल्प दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि गोपाल सिंह ईडवा ने मेरे सामने चुनाव लड़ा था। आज भाजपा में शामिल हो गए हैं। इन्होंने आज बिना शर्त भारतीय जनता पार्टी जॉइन की है। जोशी ने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। हमारी पार्टी ने जो वादे चुनाव से पहले किए थे। 90 दिनों में शानदार काम करते हुए उनमें से 45 प्रतिशत काम पूरे भी कर दिए हैं। अब हमारे कार्यकर्ता लोकसभा में भी 25 सीट जीतकर मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाएंगे। जोशी ने कहा कि गोपाल सिंह ने मेरे सामने चुनाव लड़ा था। यह भी चाहते हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बने।

कार्यक्रम में भाजपा से रूठे चन्द्रभान सिंह आक्या सहित तीन अन्य निर्दलीय विधायकों ने भी भाजपा को समर्थन दिया। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा से टिकट कटने के बाद चंद्रभान सिंह आक्या बागी हो गए थे। इसके बाद चंद्रभान सिंह आक्या ने चित्तौड़गढ़ से निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत गए थे। इसके साथ ही आठ दिन पहले शिव सेना को समर्थन देने वाली बयाना से निर्दलीय विधायक रितु बनावत ने भी भाजपा को समर्थन दिया। बाकी के दो निर्दलीय विधायक सांचौर से जीवाराम चौधरी, हनुमानगढ़ से गणेश राज हैं। साथ ही, पूर्व सांसद गोपाल सिंह ईडवा भाजपा में शामिल हुए।

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के बाद से अब तक करीब 50 नेता भाजपा में शामिल हो गए हैं। लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व सांसद लालचंद कटारिया, खिलाड़ी लाल बैरवा, महेंद्रजीत सिंह मालवीया, करण सिंह यादव, पूर्व विधायक रिछपाल मिर्धा, विजयपाल मिर्धा, राजेंद्र यादव, अलवर जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर, रामपाल शर्मा, प्रताप पूनिया, सुरेश चौधरी सहित संगठन से जुड़े कई नेता कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर चुके है।

टॉप न्यूज