Saturday, May 4, 2024
Homeराष्ट्रीयअयोध्या में लाखों कर चुके दर्शन, लाखों भक्त कतार में, बोले- दर्शन...

अयोध्या में लाखों कर चुके दर्शन, लाखों भक्त कतार में, बोले- दर्शन करके ही जाएंगे

अयोध्या (हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला के दर्शन को लगी कतार टूटने का नाम नहीं ले रही है। अयोध्या में भक्तों का सैलाब आ गया है। भगवान राम के दर्शन के लिए हजारों की तादाद में लगातार श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। राम मंदिर भक्तों से खचाखच भर गया है। भीड़ इतनी बढ़ गई है कि मंदिर प्रबंधन को उन्हें संभालने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उत्तर प्रदेश सरकार का कहना है कि मंगलवार की शाम तक साढ़े तीन लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और उतनी ही संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने के लिए बाहर हैं। अयोध्या में इतने भक्त आए हैं कि आज सबको दर्शन नहीं मिल पाएगा। वहीं, भक्तों का कहना है कि दर्शन करके ही जाएंगे। भले ही इंतजार क्यों न करना पड़े। राम दरबार में इंतजार करना भी हमारे लिए सौभाग्य हाेगा।

सीमाओं पर वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी, पैदल ही आ जा रहे श्रद्धालु

अयोध्या प्रशासन के मुताबिक पहले से जो अनुमान लगाया गया था, उससे भी अधिक श्रद्धालु यहां पहुंच गए हैं। यह सिलसिला लगातार जारी है। पड़ोसी जनपदों के साथ अयोध्या धाम की सीमाओं पर वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लगाए जाने के बावजूद लोग पैदल ही आ रहे हैं। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि भीड़ काफी आ गई है। पहले से भी लोग मौजूद थे। सभी को सुव्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने के प्रबंध किए जा रहे हैं।

भक्तों का सैलाब देख भगवान रामलला नहीं कर पाए विश्राम

श्रीराम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने मंगलवार की शाम लाखों भक्तों से अपील की है कि वो धैर्य और शांति बनाए रखें, रामलला के दर्शन सबको मिलेंगे। भक्तों का सैलाब देखते हुए रामलला ने आज विश्राम भी नहीं किया है। वहीं, अधिकारियों के मुताबिक अब तक तीन लाख लोग दर्शन कर चुके हैं और इतने ही लोग बाहर कतार में हैं, जिनके लिए समुचित इंतजाम किए गए हैं।

प्रशासन के लिए लाखों भक्तों के रेला को संभालने का यह पहला अनुभव

राम मंदिर मार्ग पर भक्तों की कई किलोमीटर लंबी कतार है। प्रशासन की व्यवस्था कई बार भीड़ के दबाव में टूट गई। भीड़ को संभालने के लिए पुलिस ने लाठियां भी लहराई। अयोध्या जिला प्रशासन के लिए लाखों भक्तों के रेला को संभालने का यह पहला अनुभव है, जिसमें हर बीतते दिन के साथ हासिल अनुभव के आधार पर बेहतरी की संभावना है।

अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, हेलीकाप्टर से परखी व्यवस्था

अयोध्या में भक्तों के जनसैलाब की वजह से दर्शन में अव्यवस्था की भनक लगते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से हेलीकॉप्टर से अयोध्या पहुंचे और भीड़ व इंतजाम का हवाई निरीक्षण किया। प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और डीजी कानून एवं व्यवस्था प्रशांत कुमार मंदिर परिसर में ही मौजूद रहे हैं। दोनों अफसर भक्तों की भीड़ और दर्शन की व्यवस्था के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करते नजर आये।

टॉप न्यूज