Monday, May 20, 2024
Homeटॉप न्यूजराजस्थान विधानसभा में गुरुवार को पहली बार महिला वित्त मंत्री दीया कुमारी...

राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को पहली बार महिला वित्त मंत्री दीया कुमारी पेश करेंगी लेखानुदान

जयपुर (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को लेखानुदान सदन में प्रस्तुत किया जाएगा। इसे पारित भी करवाया जाएगा। यह बजट पूर्णकालिक नहीं होकर लेखानुदान होगा। प्रदेश में पहली बार ऐसा होने जा रहा है कि कोई महिला स्वतंत्र रूप से वित्तमंत्री के रूप में बजट पेश करेंगी। इससे पहले मुख्यमंत्री ही बजट पेश करते थे।

वर्ष 2003 से 2023 तक दो बार मुख्यमंत्री के रूप में वसुंधरा राजे और दो बार ही अशोक गहलोत ने वित्त मंत्री के तौर पर बजट पेश किया। पहली बार गुरुवार को स्वतंत्र रूप से वित्तमंत्री का जिम्मा संभाल रहीं दीया कुमारी लेखानुदान पेश करेंगी। इसमें सरकार तीन महीने के लिए अपना लेखानुदान सदन में पेश कर उसे बहुमत के साथ पारित करवाएगी।

राजस्थान में हमेशा सरकार का गठन दिसम्बर में ही होता है। जबकि एक अप्रैल से नया वित्तीय वर्ष शुरू होता है। ऐसे में कुछ महीनों के लिए सरकारी कर्मचारियों के वेतन, पेंशन और अन्य सरकारी कार्यों के लिए राजकोष की जरूरत होती है। ऐसे में प्रावधान के अनुसार सरकार तीन महीने के लिए लेखानुदान प्रस्तुत करती है। इसे विधानसभा से मंजूरी लेनी होती है। माना जा रहा है कि बजट लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर ही पेश किया जाएगा। लेखानुदान में पूर्णकालिक बजट की छाया दिखाई दे सकती है।

संबंधित समाचार