Thursday, April 10, 2025
HomeTrendभारत का डेटा भारतीय डेटा सेंटर में ही रहना चाहिए: आकाश अंबानी

भारत का डेटा भारतीय डेटा सेंटर में ही रहना चाहिए: आकाश अंबानी

नई दिल्ली (हि.स.)। रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के चेयरमैन आकाश अंबानी ने भारत का डेटा भारतीय डेटा सेंटर में ही रखने की वकालत की। उन्‍होंने मंगलवार को राजधानी के प्रगति मैदान में इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2024 (आईएमसी 2024) को संबोधित करते हुए यह बात कही।

आकाश अंबानी ने कहा कि भारत में डेटा जनरेशन का पैमाना और स्पीड तेजी से बढ़ी है, जो एआई के साथ और तेजी से बढ़ेगी। इसलिए देश में एआई और मशीन लर्निंग डेटा सेंटर स्थापित करने की आवश्‍यकता है। इसके लिए भारतीय कंपनियों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार से डेटा सेंटर नीति 2020 के मसौदे को जल्द अपडेट करने का अनुरोध किया।

रिलायंस जियो के चेयरमैन ने कहा कि दुनिया उस देश से अचंभित है जो आठ साल पहले 2-जी की गति से रेंग रहा था, अब 5-जी की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्‍होंने कहा, ‘’मैं प्रधानमंत्री को यह आश्वस्त करना चाहूंगा कि 6-जी में भारत का रिकॉर्ड और बेहतर होगा। यूपीआई दुनिया की नंबर वन डिजिटल भुगतान प्रणाली बन गई है। आज भारत दुनिया का एकमात्र बड़ा देश है, जहां मोबाइल डेटा की कीमतें सबसे कम हैं, फिर भी सबसे तेज इंटरनेट है।”

उल्लेखनीय है कि राजधानी नई दिल्ली के प्रगति मैदान में इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2024 (आईएमसी 2024) की शुरुआत हो गई है, जो 18 अक्‍टूबर 2024 तक चलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया। इंडिया मोबाइल कांग्रेस-2024 का यह आठवां संस्‍करण है। इसमें 400 से ज्‍यादा प्रदर्शक, करीब 900 स्टार्टअप और 120 से अधिक देशों की भागीदारी हो रही है। इंडिया मोबाइल कांग्रेस की थीम “द फ्यूचर इज नाउ” है।

Related Articles

Latest News

Notifications Powered By Aplu