Friday, October 18, 2024
Homeट्रेंडिंग न्यूजमध्य प्रदेश के पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों में अमरकंटक शामिल

मध्य प्रदेश के पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों में अमरकंटक शामिल

अनूपपुर (हि.स.)। अमरकंटक की हरी-भरी वादियों से भरपूर नर्मदा माई की उद्गम स्थली में बहुत से ऐसे कार्य करवाए जा रहे हैं, जिन्हें समय पर पूरा कर लेने पर यह विश्व स्तरीय धार्मिक आध्यात्मिक पर्यावरणीय पर्यटक नगरी बन जाएगी। 2023 मे यहाँ रिकार्ड 36 लाख से अधिक श्रद्धालु और पर्यटकों का आगमन हुआ है। जिस तरह की योजनाओं पर यहाँ कार्य करवाए जा रहे हैं, आने वाले वर्षों में करोड़ से अधिक पर्यटकों के आगमन की संभावना है।

ऐतिहासिक धरोहरों, गौरवशाली इतिहास, प्राकृतिक सौंदर्य, विविध वन्यजीव एवं आध्यात्मिक, धार्मिक धरोहरों के लिये देश दुनिया में विख्यात मध्यप्रदेश में साल 2023 में 11 करोड़ से ज्यादा पर्यटकों का आगमन हुआ है। जनवरी 2023 से दिसंबर 2023 तक म.प्र. में 11 करोड़ 21 लाख पर्यटक पहुंचे। जिनमें विदेशी पर्यटकों की संख्या 1 लाख 83 हजार रही। 2019 में कोविड प्रतिबंध लागू होने से पहले कुल 8,90,35,097 पर्यटकों का आगमन हुआ था।

सबसे ज्यादा पर्यटक उज्जैन पहुंचे, जिनकी संख्या 5 करोड़ 28 लाख से ज्यादा रही और जिले की धार्मिक नगरी अमरकंटक में 36,12,052 पर्यटकों का आगमन हुआ। प्रदेश के सर्वश्रेष्ट 10 पर्यटन स्थलों में से 6 धार्मिक स्थल उज्जैन, मैहर, चित्रकूट, अमरकंटक, ओंकारेश्वर और सलकनपुर है।

अमरकंटक जैसे धार्मिक स्थलों पर जाकर लोग मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करते हैं। धार्मिक स्थलों का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व भी पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। यह स्थल प्राचीन इतिहास, वास्तुकला और संस्कृति का अद्भुत मिश्रण है।

उज्जैन में महाकाल लोक, ओंकारेश्वर में एकात्म धाम जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं ने भी प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में कई गुना बढ़ाने में मदद की है। मध्यप्रदेश की जीवन रेखा नर्मदा की उद्गम नगरी अमरकंटक अपनी धार्मिक, आध्यात्मिक, भौगोलिक खूबियों के कारण युगों -युगों से श्रद्धालुओं को आकर्षित करती रही है।

संबंधित समाचार

ताजा खबर