36वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2021 में मध्य प्रदेश ने जीते 13 पदक

गुवाहाटी में खेली जा रही 36वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतिम दिन मध्य प्रदेश को बालक एवं बालिका अंडर-18 वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में दो स्वर्ण पदक हासिल हुए।

प्रतियोगिता में एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ी अर्जुन वास्कले ने 1500 मीटर दौड़ 3 मिनट 50.38 सेकेण्ड में पूरी कर जहाँ मध्य प्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाया, वहीं नया मीट रिकार्ड भी बनाया।

इससे पहले कोयंबटूर में वर्ष 2016 में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में एथलीट शंकर ने 1500 मीटर दौड़ 3 मिनट 53.63 सेकेण्ड में पूरी कर यह रिकार्ड बनाया था। 

प्रतियोगिता के बालिका अंडर-18 वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में अकादमी की खिलाड़ी बुशरा खान गौरी ने 4 मिनट 53.47 सेकेण्ड में रेस पूरी कर मध्य प्रदेश को दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया।

मध्य प्रदेश को प्रतियोगिता में 13 पदक हासिल हुए है। इनमें 7 स्वर्ण, 3 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल है। इस प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 7 पदक मध्यप्रदेश को दिलाए है।