नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने आज देशभर में कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। राजधानी दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने आरएएफ की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और हालात को काबू में करने के प्रयास किए गए। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को डिटेन भी किया गया। कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष Virendra Sachdeva भी प्रदर्शन में शामिल हुए। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाया है। पार्टी ने राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
वहीं कांग्रेस का कहना है कि केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध करना देश का विरोध नहीं है। पार्टी का तर्क है कि लोकतंत्र में असहमति जताना हर राजनीतिक दल का अधिकार है।
प्रदर्शन के बाद राजधानी में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।











