Homeराष्ट्रीयआज मौसम का बड़ा अलर्ट! 60 KM की रफ्तार से हवाएं, कई...

आज मौसम का बड़ा अलर्ट! 60 KM की रफ्तार से हवाएं, कई राज्यों में भारी बारिश

नई दिल्ली: चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कमजोर पड़ने के बावजूद देशभर में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज कई राज्यों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, उत्तर-पश्चिम भारत, दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। वहीं, उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान के कुछ इलाकों में भी बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़ और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी शनिवार को बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज से 5 नवंबर तक दक्षिण भारत के कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और तटीय कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर इनकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

इसके अलावा, आज से 4 नवंबर के बीच पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ में भारी बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश हो सकती है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

पूर्वी up में भी बारिश के आसार

IMD के अनुसार, आज से 2 नवंबर तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, 1 नवंबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। आंधी-तूफान के समय घरों के अंदर रहें, पेड़ों के नीचे शरण न लें और जलभराव वाले क्षेत्रों के साथ उफान पर बह रही नदियों से दूरी बनाए रखें।

दिल्ली में आज मौसम का मिजाज –

दिल्ली में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिल्ली में अधिकतम तापमान 26°C से 28°C के बीच और न्यूनतम तापमान 15°C से 17°C के बीच रहने की संभावना है। कई जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास (-1.5°C से 1.5°C) रहेगा, जबकि दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम (-3.1°C से -5.0°C) रहने की उम्मीद है। सुबह के समय मुख्य रूप से उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा चलने की संभावना है, जिसकी गति 10 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है।

Related Articles

Latest News