Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयकेसी कार्टी ने रचा इतिहास, वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को तीसरे वनडे में...

केसी कार्टी ने रचा इतिहास, वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को तीसरे वनडे में हराया, 2-1 से जीती श्रृंखला

ब्रिजटाउन (हि.स.)। कैरेबियाई बल्लेबाज केसी कार्टी गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय शतक बनाने वाले सिंट मार्टेन द्वीप पर जन्मे पहले वेस्टइंडीज खिलाड़ी बन गए। उन्होंने यह उपलब्धि, बारबाडोस में इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय मैच में हासिल की। वेस्टइंडीज ने यह मैच आठ विकेट से जीता। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने 3 मैचों की एकदिनी श्रृंखला 2-1 से जीत ली।

कार्टी ने 114 गेंदों पर नाबाद 128 रनों की पारी खेली, जिससे वेस्टइंडीज ने केंसिंग्टन ओवल में सात ओवर शेष रहते इंग्लैंड के 263/8 के स्कोर को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया। यह कार्टी का वेस्टइंडीज के लिए 50वां अंतरराष्ट्रीय मैच था और उनका पहला शतक भी था, कार्टी ने अपनी पारी के दौरान 15 चौके और दो बड़े छक्के लगाए।

मैच में टॉस जीतने के बाद वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड के खिलाफ क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट (108 गेंदों पर 74 रन, 4 चौके और 1 छक्का) ने थ्री लॉयन्स को शानदार शुरुआत दिलाई। विकेटकीपर-बल्लेबाज इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। मध्य क्रम में, मेहमान टीम साझेदारी बनाने में विफल रही और स्कोरबोर्ड पर केवल 263/8 रन ही बना सकी।

मैथ्यू फोर्ड ने कैरेबियाई गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई की और 35 रन देकर तीन विकेट चटकाए। रन चेज के दौरान, ब्रैंडन किंग (117 गेंदों पर 102 रन, 13 चौके और 1 छक्का) और केसी कार्टी (114 गेंदों पर 128 रन, 15 चौके और 2 छक्के) ने शानदार प्रदर्शन किया और विंडीज को आठ विकेट से जीत दिलाई। रीस टॉपली और जेमी ओवरटन ही ऐसे गेंदबाज़ थे जो इंग्लैंड के लिए विकेट लेने में कामयाब रहे।

Related Articles

Latest News