Friday, July 31, 2026
Homeराष्ट्रीयKareena Kapoor का पावरफुल पुलिस अवतार, 'दायरा' का फर्स्ट लुक देख बढ़े...

Kareena Kapoor का पावरफुल पुलिस अवतार, ‘दायरा’ का फर्स्ट लुक देख बढ़े फैंस के इंतजार

Kareena Kapoor : बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान और अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दायरा’ का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी यह फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है और इसका पहला पोस्टर एक गंभीर अपराध जांच, रहस्य और सस्पेंस से भरपूर कहानी की झलक देता है।

पोस्टर में करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन दमदार पुलिस अधिकारियों के किरदार में नजर आ रहे हैं। खासतौर पर खाकी वर्दी में करीना कपूर का इंटेंस, सख्त और आत्मविश्वास से भरा अंदाज प्रशंसकों का ध्यान खींच रहा है, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है।

जारी किए गए फर्स्ट लुक पोस्टर में करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं. दोनों के चेहरे पर गंभीर भाव हैं, जो किसी जटिल जांच या अपराध की कहानी की ओर संकेत करते हैं. पोस्टर की पृष्ठभूमि में धुंधली रोशनी वाली सुरंग और पुलिस जांच से जुड़ा माहौल दिखाई देता है, जिससे फिल्म के क्राइम-थ्रिलर होने के संकेत मिलते हैं. करीना कपूर स्लीक हेयरस्टाइल, हल्के मेकअप और पुलिस वर्दी में नजर आ रही हैं, जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन भी खाकी वर्दी और गंभीर लुक में दिखाई दे रहे हैं.

फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक मेघना गुलजार ने किया है, जो इससे पहले ‘तलवार’ और ‘राजी’ जैसी चर्चित फिल्मों का निर्देशन कर चुकी हैं. फिल्म की कहानी मेघना गुलजार, यश केसवानी और सीमा अग्रवाल ने मिलकर लिखी है. निर्माताओं के अनुसार, ‘दायरा’ की कहानी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है और इसमें अपराध जांच के साथ मानवीय संवेदनाओं को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा.

यह फिल्म कई मायनों में खास मानी जा रही है, क्योंकि पहली बार करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन एक साथ बड़े पर्दे पर दिखाई देंगे. दोनों कलाकारों की जोड़ी को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्सुकता बनी हुई थी और अब फर्स्ट लुक पोस्टर ने इस उत्साह को और बढ़ा दिया है. सोशल मीडिया पर प्रशंसक पोस्टर की तारीफ करते हुए फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं.

‘दायरा’ का निर्माण जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज ने संयुक्त रूप से किया है, जबकि इसका वितरण पेन मारुधर द्वारा किया जाएगा. यह दोनों प्रोडक्शन हाउस का पहला साझा प्रोजेक्ट है. वहीं मेघना गुलजार और जंगली पिक्चर्स की यह तीसरी फिल्म है. इससे पहले दोनों ‘तलवार’ और ‘राजी’ जैसी समीक्षकों द्वारा सराही गई और व्यावसायिक रूप से सफल फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं.

निर्माताओं ने घोषणा की है कि ‘दायरा’ 18 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फर्स्ट लुक पोस्टर के बाद अब दर्शकों को फिल्म के टीजर और ट्रेलर का इंतजार है, जिससे कहानी और दोनों कलाकारों के किरदारों की अधिक जानकारी सामने आ सकेगी. फिलहाल पोस्टर ने यह संकेत जरूर दे दिया है कि दर्शकों को एक गंभीर, रहस्यपूर्ण और जांच आधारित क्राइम ड्रामा देखने को मिलने वाला है.

Related Articles

Latest News