जबलपुर। नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय (एनडीवीएसयू), जबलपुर के अंतर्गत पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन महाविद्यालय, जबलपुर द्वारा 1 एमपी रिमाउंट एवं वेटरनरी स्क्वाड्रन एनसीसी, जबलपुर के एनसीसी कैडेट्स के सम्मान में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इन कैडेट्स ने रिपब्लिक डे कैंप (आरडीसी) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यूनिट का नाम रोशन किया।
इस अवसर पर अंडर ऑफिसर वसुंधरा दुबे ने ड्रेसाज प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक, जबकि सार्जेंट शौनक दांडेकर ने टेंट पेगिंग में रजत पदक तथा शो जंपिंग में कांस्य पदक प्राप्त किया। इस सफल दल का नेतृत्व सीनियर अंडर ऑफिसर भरत वसुनिया ने किया।
इसके अतिरिक्त, 1 एमपी रिमाउंट एवं वेटरनरी स्क्वाड्रन एनसीसी को उसके कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विवेक मिश्रा के सक्षम नेतृत्व में सर्वश्रेष्ठ रिमाउंट एवं वेटरनरी यूनिट के रूप में सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के पश्चात एएनओ डॉ. अपूर्वा मिश्रा के लेफ्टिनेंट पद पर कमीशन प्राप्त करने के उपलक्ष्य में पिपिंग सेरेमनी आयोजित की गई, जो महाविद्यालय एवं एनसीसी यूनिट के लिए गर्व का क्षण रहा।
कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में पधारे माननीय कुलपति डॉ. मंदीप शर्मा ने संबोधित करते हुए कैडेट्स को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी तथा उन्हें शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर रितेश बहल ने एनसीसी के मूल सिद्धांतों—अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्र सेवा—पर प्रकाश डालते हुए कैडेट्स को प्रेरणादायी संदेश दिया।
इस गरिमामय समारोह में डीन डॉ. आर. के. शर्मा, सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. ए. बी. श्रीवास्तव, एएनओ डॉ. रणधीर सिंह, निदेशक विस्तार डॉ. सुनील नायक, निदेशक जैव प्रौद्योगिकी डॉ. मोहन सिंह, सहित महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकों एवं संकाय सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की शोभा और बढ़ी।











