Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयचिली के जंगलों में लगी आग, 19 की मौत, 1100 घर नष्ट

चिली के जंगलों में लगी आग, 19 की मौत, 1100 घर नष्ट

नई दिल्ली (हि.स.)। मध्य और दक्षिण चिली के घनी आबादी वाले इलाके के आसपास लगी भीषण जंगल की आग में 19 लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 1,100 घर नष्ट हो गए।

चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक ने देश में आग को फैलने से रोकने के लिए आपातकाल घोषित कर दिया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि जंगल में लगी आग को बुझाने के लिए सभी बल तैनात हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति का आकलन करने के लिए आपात सेवाओं की बैठक चल रही है।’

चिली की आंतरिक मंत्री कैरोलिना तोहा ने कहा कि वर्तमान में देश के केंद्र और दक्षिण में 92 जंगल आग की चपेट में हैं, जहां इस सप्ताह तापमान असामान्य रूप से अधिक रहा है। उन्होंने बताया कि सबसे घातक आग वालपराइसो क्षेत्र में लगी है, जहां अधिकारियों ने लोगों से अपने घरों को नहीं छोड़ने का आग्रह किया ताकि फायरट्रक, एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन आसानी से काबू पा सकें। उन्होंने बताया कि आग से 19 लोगों की मौत हुई है और ये संख्या और भी बढ़ सकती है।

उन्होंने कहा कि क्विलपुए और विला एलेमाना कस्बों के पास शुक्रवार से दो बार आग लगने से कम से कम 8,000 हेक्टेयर (19,770 एकड़) जमीन जल गई है। इनमें से एक आग विना डेल मार के तटीय रिसॉर्ट शहर को खतरे में डाल रही थी। वालपराइसो क्षेत्र में तीन आश्रय स्थल स्थापित किए गए हैं। बचाव दल अधिक प्रभावित इलाकों तक पहुंचने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आग पर काबू पाने के लिए 19 हेलीकॉप्टर और 450 से अधिक अग्निशमन कर्मियों को लगाया गया है।

Related Articles

Latest News