फोर्ब्स ने जारी की विश्व की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची

फोर्ब्स ने साल 2020 की विश्व की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची जारी कर दी है। 17वीं वार्षिक फोर्ब्स पावर लिस्ट में इस बार 30 देशों की महिलाएं शामिल हुई हैं। वहीं इस वर्ष की सूची में 17 नए नाम शामिल हैं।

इस सूची में लगातार दसवें साल जर्मनी की चांसलर एजेंला मर्केल शीर्ष पर हैं। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डर्न सूची में दूसरे स्थान पर हैं तथा तीसरे स्थान पर अमेरिका की नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति कमला हैरिस हैं।

इस सूची में भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 41वें स्थान पर, एचसीएल इंटरप्राइज की सीईओ रोशनी नडार 55वें स्थान पर, बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार शॉ 68वें स्थान पर और लैंडमार्क समूह की प्रमुख रेणुका जगतियानी इस सूची में 98वें स्थान पर हैं।

इसके अलावा इस सूची में शामिल प्रमुख और चर्चित महिलाओं में ताईवान की राष्ट्रपति साई इंग वेन 37वें स्थान पर, अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी यूनाइटेड पार्सल सर्विस कैरोल टोम की नई सीईओ को 11वें स्थान पर, कैलिफोर्निया के क्लोरोक्स लिंडा रेंडले की प्रमुख को 87वें स्थान पर हैं।

साथ ही सीवीएस हेल्थ की कार्यकारी उपाध्यक्ष और भावी सीईओ करेन लिंच 38वें स्थान पर, बिल और मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन की सह-अध्यक्ष मिलिंडा गेट्स 5वें स्थान पर, अमेरिकी सदन की स्पीकर नैंसी पेलोसी 7वें स्थान पर, फेसबुक की मुख्य संचालन अधिकारी शेरिल सैंडबर्ग 22वें स्थान पर, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना 39वें स्थान पर, ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय 46वें स्थान पर, मशहूर कलाकार रिहाना 69वें स्थान पर और बेयोंसे 72वें स्थान पर हैं।