देहरादून जनपद के कालसी क्षेत्र अंतर्गत कुआनु, मीनाक रोड पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है। यहां एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में 30 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
दुर्घटनाग्रस्त बस हिमाचल रोडवेज की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा जा रहा है। फिलहाल प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।











