Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयहॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप: असम ने बिहार को 2-1 से...

हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप: असम ने बिहार को 2-1 से हराया

पंचकूला (हि.स.)। ताऊ देवी लाल हॉकी स्टेडियम, पंचकूला में चल रही 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के डिवीजन बी के तीसरे दिन सोमवार को असम हॉकी ने हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार को 2-1 से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की।

मैच की शुरुआत से दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहला क्वार्टर बिना किसी गोल के समाप्त हुआ, लेकिन हाफ टाइम से ठीक पहले असम हॉकी की कप्तान मुनमुनी दास (29′) ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद असम हॉकी ने शानदार रक्षात्मक खेल दिखाते हुए तीसरे क्वार्टर तक अपनी बढ़त बनाए रखी।

मैच के अंतिम क्षणों में रोमांच और बढ़ गया। खुशबू प्रजापति (59′) ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर असम हॉकी की बढ़त को 2-0 कर दिया। हालांकि, अगले ही मिनट में नुसरत खातून ने बिहार की ओर से एकमात्र गोल कर अंतर कम किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

इस जीत के साथ असम हॉकी ने अंकतालिका में अपना खाता खोल लिया, जबकि हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार को अब भी पहली जीत की तलाश है।

इससे पहले रविवार को डिवीजन सी के मैच में हॉकी आंध्र प्रदेश ने पूल बी के खेल में हॉकी जम्मू और कश्मीर के खिलाफ 4-2 से जीत दर्ज की। रेवती थालारी (3’, 17’) ने अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण दो गोल किए, जबकि हरथी लोमाडा (36’) और मदुगुला भवानी (45’) ने भी हॉकी आंध्र प्रदेश के लिए गोल किए।

रजनी (10’) और अंजू कुमारी (57’) हॉकी जम्मू और कश्मीर के लिए गोल करने वाली खिलाड़ी रहीं।

रविवार के आखिरी डिवीजन सी मैच में, ले पुडुचेरी हॉकी ने पूल बी में हॉकी अरुणाचल पर 6-1 से शानदार जीत हासिल की। ​​जयप्रथा एस (13’, 39’, 41’) ने शानदार हैट्रिक बनाई, जबकि अन्य तीन गोल बी दीपिका (4,’ 22’) और एस सुबासरी (40’) ने किए। हॉकी अरुणाचल के लिए हेमा नवैत (5’) एकमात्र गोल करने वाली खिलाड़ी रहीं।

Related Articles

Latest News