उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। थाना टीला मोड़ क्षेत्र की भारत सिटी सोसाइटी में रहने वाली तीन नाबालिग सगी बहनों ने एक साथ नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक बच्चियों की उम्र 16, 14 और 12 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
गेम खेलने से रोकने पर नाराज थीं बच्चियां
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, तीनों बहनें ऑनलाइन टास्क-बेस्ड कोरियन गेम खेलने की आदी थीं। परिजन उन्हें गेम खेलने से मना कर रहे थे, जिससे बच्चियां नाराज थीं। आशंका जताई जा रही है कि इसी नाराजगी और मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई पूरी घटना
सोसाइटी में रहने वाली अपर्णा ने बताया कि वह घटना के समय अपनी बालकनी में थीं और उन्होंने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद कोई नशे में है, लेकिन जब उन्होंने तीनों बच्चियों को रेलिंग पर बैठे देखा, उससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, तीनों ने छलांग लगा दी। उन्होंने शोर मचाया और मदद के लिए चिल्लाईं, लेकिन बच्चियां कुछ सुन नहीं सकीं। नीचे का मंजर इतना भयावह था कि लोगों की रूह कांप गई।
पिता सदमे में, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद बच्चियों के पिता की हालत बेहद खराब बताई जा रही है। उनके हाथ कांप रहे थे और वह कुछ बोल पाने की स्थिति में नहीं थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह ऐसा मंजर था जिसे कोई भी जिंदगी भर नहीं भूल पाएगा।
तीनों बहनों में था गहरा लगाव
सोसाइटी के लोगों के अनुसार, तीनों बहनों के बीच बहुत गहरा प्रेम था। वे हर काम साथ करती थीं—स्कूल जाना, खाना, सोना और रोजमर्रा की गतिविधियां। सबसे बड़ी बहन निशिका थी, जिसे छोटी बहनें प्राची और पाखी “बॉस” कहकर बुलाती थीं। बताया जा रहा है कि तीनों ने यह कदम भी एक साथ उठाया।
डायरी और सुसाइड नोट से मिले अहम सुराग
पुलिस को मौके से एक डायरी और सुसाइड नोट मिला है। डायरी में रोती हुई आंखों की तस्वीरें बनी हैं और लिखा है—
“I’m Really Sorry Papa… I Love You मम्मी-पापा”
डायरी के पन्नों में कोरियन गेम्स के प्रति उनके जुनून का भी जिक्र है। सुसाइड नोट में अपनी मौत को “True Life Story” बताया गया है, जिसे पुलिस गहरे मानसिक दबाव या ऑनलाइन टास्क से जोड़कर देख रही है।
आधी रात को हुई दर्दनाक घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब 2 बजे की है। उन्होंने तीनों बच्चियों को बालकनी में बैठे देखा था। कुछ ही देर बाद तीनों एक साथ नीचे गिर गईं। इसके बाद तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी गई।
ऑनलाइन टास्क-बेस्ड गेम की जांच में जुटी पुलिस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बच्चियां जिस गेम को खेल रही थीं उसमें कुल 50 टास्क थे और मंगलवार की रात आखिरी टास्क पूरा किया गया था। कूदने के लिए बच्चियों ने दो-स्टेप वाली सीढ़ी का इस्तेमाल किया। बताया जा रहा है कि बीच वाली बच्ची गेम की लीडर थी और वही कमांड तय करती थी। पुलिस ने तीनों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
परिवारिक पृष्ठभूमि भी जांच के दायरे में
जानकारी के अनुसार, बच्चियों के पिता ने दो शादियां की थीं और दोनों पत्नियां सगी बहनें हैं। सभी बच्चे और दोनों पत्नियां एक साथ रहते थे। आत्महत्या करने वाली तीन बहनों में दो दूसरी पत्नी की और एक पहली पत्नी की बेटी थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।











