New Delhi : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 11 से 13 सितंबर तक रेल गाड़ियों का परिचालन प्रभावित रहेगा। दिल्ली में हो रहे ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में ट्रेनों की आवाजाही पर फर्क पड़ेगा। रेलवे की ओर से यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के संचालन और समय से जुड़ी जानकारी जरूर जांच लें। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से चलने वाली 5 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है।
इन पांच ट्रेनों को किया गया रद्द: रेलवे ने परिचालन संबंधी कारणों के चलते पांच ईएमयू ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें 64015 पलवल-शकूरबस्ती ईएमयू, 64429 गाजियाबाद-नई दिल्ली ईएमयू, 64433 गाजियाबाद-नई दिल्ली ईएमयू, 64492 नई दिल्ली-पलवल ईएमयू और 64491 दिल्ली जंक्शन-शामली ईएमयू शामिल हैं। इन ट्रेनों के रद्द होने से संबंधित रूट के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इन ट्रेनों का हुआ डायवर्जन: रेलवे के मुताबिक, परिचालन संबंधी कारणों के चलते कुछ ट्रेनों को रद्द करने के साथ-साथ शॉर्ट टर्मिनेट और डायवर्ट भी किया गया है। इस दौरान कुल 8 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। डायवर्ट की गई ट्रेनों में नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। इनमें 64419 हजरत निजामुद्दीन-गाजियाबाद ईएमयू, 20840 नई दिल्ली-रांची राजधानी, 12424 नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी, 12314 नई दिल्ली-सियालदा राजधानी, 12306 नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी, 22812 नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी, 64904 गाजियाबाद-मथुरा ईएमयू और 12394 नई दिल्ली-राजेंद्र नगर टर्मिनल सुपरफास्ट शामिल हैं।
जारी किया गया हेल्पलान नंबर
रेलवे ने यात्रियों से अधिक जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या NTES (National Train Enquiry System) पर संपर्क करने की अपील की है। यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और संभावित बदलाव की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
वीकेंड के चलते यात्रियों को हो सकती है परेशानी
ट्रेनों के प्रभावित होने का असर वीकेंड पर भी देखने को मिलेगा। 11 सितंबर (शुक्रवार) से 13 सितंबर (रविवार) तक कई ट्रेनों के रद्द, डायवर्ट और शॉर्ट टर्मिनेट रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वीकेंड पर बड़ी संख्या में लोग छुट्टी मनाने, घर-परिवार या रिश्तेदारों से मिलने और जरूरी कामों के लिए शहर से बाहर जाते हैं। ऐसे में रेल सेवाओं में बदलाव से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे मुस्तैद
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्टेशन पर किसी भी तरह की अफरा-तफरी न हो और यात्रियों को ट्रेनों से जुड़ी जरूरी जानकारी समय पर मिल सके, इसके लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। यात्रियों को फोन कॉल के साथ-साथ स्टेशन पर फिजिकल सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
शुक्रवार से लागू होंगी सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्थाएं
दिल्ली में 18वां BRICS शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर 2026 को भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। भारत इस वर्ष BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। सम्मेलन को देखते हुए 11 सितंबर से ही सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं। इसी के मद्देनजर दिल्ली में स्कूल बंद रखने के साथ-साथ यातायात और रेल परिचालन में भी आवश्यक बदलाव किए गए हैं।








