केंद्रीय कर्मचारियों के लिए जरूरी खबर: महंगाई भत्ते पर आया केंद्र सरकार का स्पष्टीकरण

महंगाई भत्ते की राह देख रहे केंद्रीय कर्मचारियों को केंद्र सरकार के बयान से निराश होना पड़ेगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महंगाई भत्ते को लेकर केंद्र सरकार ने नया बयान जारी कर ये स्पष्ट कर दिया गया है कि केंद्रीय कर्मचारियों का मंहगाई भत्ता  1 जुलाई 2021 तक नहीं बढ़ाया जाएगा।

केंद्र सरकार के अनुसार केंद्रीय कर्मचारियों को पुरानी दरों पर ही महंगाई भत्ते का लाभ दिया जाएगा। इस समय केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को 17 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने हाल ही बुलाये गए सत्र के दौरान संसद में कहा था कि 1 जुलाई 2021 से केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ता को अपडेट किया जाएगा। साथ ही अनुराग ठाकुर ने एक लिखित जवाब में कहा था कि 1 जुलाई 2021 से महंगाई भत्ते को किस्तों में जारी करने का निर्णय लिया जा रहा है। इससे केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि होगी। फिलहाल 1 जनवरी 2020 से इसे नहीं बढ़ाया गया है।

केंद्र सरकार ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि 1 जनवरी 2020 से लेकर 30 जून 2021 तक का कोई बकाया नहीं मिलेगा। मतलब केंद्रीय कर्मचारियों को एरियर का लाभ नहीं मिलेगा। 1 जुलाई से महंगाई भत्ता बढ़ने का फायदा 52 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 60 लाख से ज्यादा पेंशनर्स को मिलेगा।

कोरोना महामारी के कारण केंद्र सरकार ने 1 जनवरी 2020 से 1 जुलाई 2021 तक के लिए महंगाई भत्‍ते में बढ़ोतरी को फ्रीज किया है। साथ ही पेंशनरों की महंगाई राहत की राशि भी 1 जुलाई 2021 तक नहीं बढ़ेगी। इस फैसले से सरकार को वित्त वर्ष 2021-2022 में कुल 37000 करोड़ रुपये की बचत होगी।