Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयएशियाई लीजेंड्स लीग का उद्घाटन संस्करण 13 मार्च से, इरफान पठान, उपुल...

एशियाई लीजेंड्स लीग का उद्घाटन संस्करण 13 मार्च से, इरफान पठान, उपुल थरंगा जैसे दिग्गज लेंगे हिस्सा

नई दिल्ली (हि.स.)। वर्ल्ड स्पोर्ट्स ग्रुप ने बुधवार को यहां एशियाई लीजेंड्स लीग के उद्घाटन संस्करण के शुभारंभ की घोषणा की। रोमांचक टी20 टूर्नामेंट में पांच सबसे बड़े एशियाई क्रिकेट देशों- भारत, श्रीलंका, बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के दिग्गज सितारों से सजी टीमें 13 मार्च से 21 मार्च, 2024 तक होने वाले रोमांचक टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा करेंगी।

लीग कमिश्नर और पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन शर्मा ने यहां एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीज़न के लिए अपने आइकन खिलाड़ियों के साथ पांच फ्रेंचाइजी के नामों की भी घोषणा की। जहां भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान इंडियन रॉयल्स का हिस्सा बने, वहीं पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद इरफान पाकिस्तान स्टार्स के लिए खेलेंगे। श्रीलंका लायंस ने पूर्व सलामी बल्लेबाज उपुल थरंगा को अपने साथ जोड़ा है, जबकि अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान उद्घाटन सत्र के लिए अफगानिस्तान पठान्स में शामिल हुए हैं। मोहम्मद अशरफुल को बांग्लादेश टाइगर ने अपने आइकन खिलाड़ी के रूप में शामिल किया है।

टूर्नामेंट को लेकर चेतन शर्मा ने कहा, “एशियाई लीजेंड्स लीग एक अनोखा टूर्नामेंट है जिसमें एशिया के पांच शीर्ष देशों के कुछ सबसे बड़े नाम एक बार फिर वर्चस्व की लड़ाई में भाग लेंगे। एक क्रिकेटर के रूप में, जब हम क्रिकेट खेलते हैं तो हमें बहुत गर्व महसूस होता है। लेकिन ऐसी लीगों में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना हमेशा गर्व की अनुभूति होती है। इरफान पठान और मोहम्मद इरफान जैसे मशहूर खिलाड़ियों की मौजूदगी निश्चित रूप से इस लीग को क्रिकेट प्रेमियों के बीच जरूर देखने लायक बनाएगी।”

लीग से जुड़ने को लेकर इरफान पठान ने कहा, “इतने लंबे समय तक कमेंटेटर रहने के बाद मैदान पर खेलना अच्छा लगता है। लेकिन हमारा पहला प्यार हमेशा क्रिकेट खेलना है और एशियन लीजेंड्स लीग में खेलने से निश्चित रूप से बहुत सारी यादें ताजा हो जाएंगी। मैंने इस लीग में अन्य आइकन खिलाड़ियों के खिलाफ काफी क्रिकेट खेला है। यह आपको एक अलग रोमांच देता है। फैंस के लिए भी ये बेहद रोमांचक अनुभव होगा। ऐसी लीग देखना हमेशा मज़ेदार होता है।” लीग किन स्थानों पर खेला जाएगा, इसकी सूचना बाद में दी जाएगी।

Related Articles

Latest News