Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयइंडियन सुपर लीग: पंजाब एफसी सीजन के अपने अंतिम घरेलू मुकाबले में...

इंडियन सुपर लीग: पंजाब एफसी सीजन के अपने अंतिम घरेलू मुकाबले में एफसी गोवा से भिड़ेगा

नई दिल्ली (हि.स.)। पंजाब एफसी अपने इस सीजन के अंतिम घरेलू मुकाबले में अंक तालिका में दूसरे स्थान पर काबिज एफसी गोवा से भिड़ेगा। इंडियन सुपर लीग का यह मुकाबला गुरुवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा। लीग सीजन में केवल तीन मुकाबले शेष हैं। ऐसे में 24 अंकों के साथ 11वें स्थान पर मौजूद पंजाब एफसी जीत की लय बनाकर अपने सीजन का समापन करना चाहेगा। वहीं, 21 मैचों से 42 अंक जुटा चुकी एफसी गोवा तालिका के शीर्ष दो में जगह पक्की करने के इरादे से उतरेगी। यह मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

पंजाब एफसी को अपने पिछले घरेलू मुकाबले में ईस्ट बंगाल एफसी के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि एफसी गोवा ने अपने अंतिम मैच में केरल ब्लास्टर्स को 2-0 से हराया था। इस सीजन में दोनों टीमों के बीच पहले हुए मुकाबले में एफसी गोवा ने पंजाब एफसी को 2-1 से हराया था। उस मैच में पंजाब एफसी के लिए अस्मिर सुल्जिक ने बढ़त दिलाई थी, लेकिन अरमांडू सादिकू और इकर गुआरोटक्सेना के गोलों ने गोवा को जीत दिलाई थी।

मुकाबले से पहले पंजाब एफसी के हेड कोच पनागियोतिस डिल्बेरिस ने कहा, “हम एक ऐसी टीम के खिलाफ खेलेंगे जो मेरे हिसाब से इस लीग की सबसे बेहतरीन टीम है। सभी जानते हैं कि वे किस तरह खेलते हैं। खासकर जब उनके कोच भारतीय राष्ट्रीय टीम के कोच भी हैं। मेरी जिम्मेदारी है कि मैं टीम को शेष मुकाबलों के लिए प्रेरित करूं और अपनी शैली में फुटबॉल खेलते रहें।”

पंजाब एफसी के लिए अच्छी खबर यह है कि शानदार फॉर्म में चल रहे निखिल प्रभु और टेकचम अभिषेक सिंह इस मुकाबले के लिए टीम में वापसी कर रहे हैं। वहीं, हाल के मैचों में बेंच से आकर प्रभाव डालने वाले लुका माजसेन के इस सीजन में आठ गोल और तीन असिस्ट के साथ कुल 11 गोल इन्कॉल्वमेंट हैं। वहीं, एजेक्विएल पुल्गा विडाल, जिन्होंने इस सीजन में कुछ शानदार गोल किए हैं, उनके नाम छह गोल और तीन असिस्ट हैं।

टीम की मौजूदा स्थिति में चोटों और निलंबनों की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर डिल्बेरिस ने कहा, “मैं टीम के प्रदर्शन में आई गिरावट के लिए चोटों का बहाना नहीं बनाऊंगा। हमें इस सीजन में वास्तव में क्या हुआ, इसका विश्लेषण करना होगा और फिर निष्कर्ष निकालना होगा कि क्या चोटों का प्रदर्शन पर कोई असर पड़ा है।”

मुकाबले से पहले पंजाब एफसी के डिफेंडर सुरेश मैतेई ने कहा, “हमने इस सीजन में अच्छा खेला है, लेकिन कुछ गलतियों और दुर्भाग्यपूर्ण परिणामों के कारण हमें कुछ मैचों में अंक गंवाने पड़े। हम कल अपने तय योजनाओं पर टिके रहेंगे और गोवा जैसी शानदार टीम के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे ताकि सकारात्मक परिणाम हासिल कर सकें।”

आईएसएल शील्ड पहले ही तय हो चुकी है, लेकिन एफसी गोवा अपने बाकी बचे मैचों में अधिकतम अंक हासिल कर शीर्ष दो में जगह बनाकर सीधे सेमीफाइनल में पहुंचने का लक्ष्य रखेगा। इकर गुआरोटक्सेना, अरमांडू सादिकू और ब्रिसन फर्नांडिस शानदार फॉर्म में हैं और गोवा के लिए सबसे बड़े गोल स्कोरिंग खतरे साबित हो सकते हैं।

दोनों टीमें तालिका में ऊंचे स्थान पर समाप्त करने की कोशिश में हैं। ऐसे में यह मुकाबला दोनों पक्षों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा।

Related Articles

Latest News