Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयआईएसएलः मुंबई सिटी एफसी के वर्चस्व को चुनौती देगी ओडिशा एफसी

आईएसएलः मुंबई सिटी एफसी के वर्चस्व को चुनौती देगी ओडिशा एफसी

भुवनेश्वर (हि.स.)। मुम्बई सिटी एफसी और ओडिशा एफसी इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2024-25 में दूसरी बार भिड़ेंगी, जब जगरनॉट्स गुरुवार को शाम 7:30 बजे अपने घरेलू मैदान कलिंगा स्टेडियम में खेले जाने वाले रिवर्स फिक्स्चर मुकाबले में आइलैंडर्स की मेजबानी करेंगे।

दोनों टीमों के बीच अक्टूबर में मुम्बई में खेला गया इस सीजन का पहला मुकाबला 1-1 से ड्रा रहा था। लेकिन दोनों की नजरें आगामी मुकाबले में पूरे तीन अंक जीतने पर होंगी।ओडिशा एफसी 10 मैचों में चार जीत, तीन ड्रा और तीन हार से 15 अंक लेकर तालिका में तीसरे स्थान पर है। जबकि मुम्बई सिटी एफसी नौ मैचों में तीन जीत, चार ड्रा और दो हार से 13 अंक लेकर तालिका में आठवें स्थान पर है।

घरेलू मैदान पर जगरनॉट्स का फिर से उभार

गोल स्कोरिंग स्ट्रीक: जगरनॉट्स ने अपने पिछले 10 घरेलू आईएसएल मैचों में से प्रत्येक में गोल किया है। वे आगामी मैच में गोल करते ही दिसंबर 2019 और दिसंबर 2022 के बीच लगातार 11 घरेलू मैचों में गोल करने के अपने रिकॉर्ड की बराबरी करेंगे।

इस सीजन में 12.68 के अपेक्षित गोल (xG) योग से 23 गोल के साथ, ओडिशा एफसी लीग में उच्चतम xG अंतर (+10.32) का दावा करता है, जो उनकी असाधारण फिनिशिंग क्षमता को दर्शाता है। आइलैंडर्स का रक्षात्मक अनुशासन और अपराजित सिलसिला: आइलैंडर्स ओडिशा एफसी के खिलाफ अपने पिछले छह मैचों (4 जीते, 2 ड्रा) से अपराजित है। बिपिन सिंह का ओडिशा एफसी के खिलाफ नौ गोल (7 गोल और 2 असिस्ट) में योगदान के साथ शानदार रिकॉर्ड रहा है।

आमने-सामने

आईएसएल में दोनों टीमों के बीच 11 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से मुम्बई सिटी एफसी ने छह मैच जीते हैं, जबकि ओडिशा एफसी तीन बार विजयी हुई है। दो मैच ड्रा रहे।

हम अपनी ताकत पर भरोसा करेंगे

ओडिशा एफसी के स्पेनिश हेड सर्जियो लोबेरा ने कहा कि जगरनॉट्स मुम्बई सिटी की ताकत से प्रभावित नहीं होंगे बल्कि अपनी खेल फिलॉस्फी पर कायम रहेंगे। उन्होंने कहा, “हम अपनी खेल शैली व ताकत जानते हैं और हमें उसके अनुसार खेलना होगा। टीम कल के मैच के लिए तैयार है।”

जगरनॉट्स को गोल करने से रोकने का तरीका खोजने की जरूरत है

मुम्बई सिटी एफसी के चेक हेड कोच पीटर क्रेटकी के अनुसार, ओडिशा एफसी के गोल के सिलसिले को रोकने के लिए आइलैंडर्स को रक्षात्मक मजबूती की जरूरत है। उन्होंने कहा, “ओडिशा एफसी ने अपने पिछले दो मैचों में 10 गोल किए हैं। हमें उसको रोकने का तरीका ढूंढना होगा और हमें अपनी खेल शैली पर भी खरा उतरना होगा।”

Related Articles

Latest News