Ram Mandir : अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार और बीजेपी को घेर रहा है। इसी बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र, निष्पक्ष और व्यापक जांच कराने की मांग की है। दोनों नेताओं ने इस पूरे मामले पर प्रधानमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतने गंभीर आरोपों पर मौन रहना स्वीकार्य नहीं है।
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है. ट्रस्ट को प्राप्त दान की व्यापक जांच का आदेश देने का आग्रह किया है. पत्र में कहा गया है ‘हम आपसे आग्रह करते हैं कि ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की तत्काल स्वतंत्र और व्यापक जांच का आदेश दें, जिसमें नकद, सोना और चांदी सहित सभी प्रकार के चढ़ावों का प्रबंधन शामिल हो. जांच के निष्कर्ष और ट्रस्ट के खाते सार्वजनिक किए जाएं ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को पता चल सके कि उनके चढ़ावों का उपयोग कैसे किया गया हैÓ.
ट्रस्ट के खातों को सार्वजनिक किए जानें की मांग
नेताओं ने अपने पत्र में कहा, आप श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में हजारों करोड़ रुपए की चोरी से अवगत हैं. लाखों श्रद्धालु जिन्होंने आस्था, भक्ति और विश्वास के साथ अपनी मेहनत की कमाई दान की थी, वो इस चोरी से ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं. दोनों नेताओं ने ट्रस्ट के खातों को सार्वजनिक करने की मांग की और कहा कि दोषी पाए जाने वालों को पद या प्रभाव की परवाह किए बिना जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए. उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों पर संसद में ट्रस्ट के गठन की घोषणा की थी, लेकिन इसके सदस्यों की नियुक्ति पूरी तरह से उनकी सरकार द्वारा की गई है.
ट्रस्ट के सदस्यों की नियुक्ति सरकार ने की
नेताओं ने कहा आपने भारत के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों पर संसद में ट्रस्ट के गठन की घोषणा की, लेकिन इसके सदस्यों की नियुक्ति पूरी तरह से आपकी सरकार द्वारा की गई है. यह सर्वविदित है कि ट्रस्ट के सदस्य आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और उसके सहयोगी संगठनों से जुड़े हुए हैं. इसके पूर्व महासचिव भी आपके करीबी सहयोगी थे.
कांग्रेस ने कहा – प्रधानमंत्री की चुप्पी अस्वीकार्य
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री की चुप्पी अस्वीकार्य है और उनसे जवाबदेही और क्षतिपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा, इस तरह के अपराध के सामने आपकी चुप्पी अस्वीकार्य है. जवाबदेही और क्षतिपूर्ति सुनिश्चित करना आपका कर्तव्य है. हम आपसे आग्रह करते हैं कि आप ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की तत्काल एक स्वतंत्र और व्यापक जांच का आदेश दें, जिसमें नकदी, सोना और चांदी सहित सभी प्रकार के चढ़ावों का प्रबंधन शामिल हो.
दोषियों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाए जाएं, उन्हें पद या प्रभाव की परवाह किए बिना जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए. नेताओं ने कहा आपकी सरकार और ट्रस्ट की विश्वसनीयता इस बात पर निर्भर करती है कि आप कितनी पारदर्शिता और तेजी से कार्रवाई करते हैं. भारत की जनता देख रही है. जय हिंद!. पत्र में लिखा है जांच के निष्कर्ष और ट्रस्ट के खातों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को पता चल सके कि उनके चढ़ावे का उपयोग कैसे किया गया है.











