देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। शनिवार दोपहर मुलुंड (पश्चिम) इलाके में निर्माणाधीन मेट्रो परियोजना के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जब मेट्रो पिलर का एक हिस्सा अचानक टूटकर सड़क पर गिर पड़ा।
यह घटना दोपहर करीब 12:20 बजे एलबीएस रोड पर Johnson & Johnson कंपनी के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, सीमेंट से बना मेट्रो पिलर का हिस्सा नीचे से गुजर रही एक ऑटो रिक्शा पर आ गिरा।
ऑटो और कार आई चपेट में
हादसे के वक्त ऑटो में सवार 3 से 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक निजी कार भी इस दुर्घटना की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू
घटना की सूचना मिलते ही Mumbai Fire Brigade, पुलिस, मेट्रो स्टाफ, वार्ड कर्मचारी और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच होगी और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।











