मिशन कर्मयोगी मानव संसाधन प्रबंधन कार्य प्रणाली में मौलिक सुधार लाएगा: पीएम मोदी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने संस्थागत ढांचे के साथ राष्ट्रीय सिविल सेवा क्षमता विकास कार्यक्रम को शुरू करने को मंजूरी दे दी है।

राष्ट्रीय सिविल सेवा क्षमता विकास कार्यक्रम को सिविल सेवकों के लिए क्षमता विकास के लिए आधारशिला रखने हेतु बनाया गया है, ताकि वे भारतीय संस्कृति और संवेदनाओं से सराबोर रहें और विश्व भर की श्रेष्ठ पद्धतियों से सीखते हुए अपनी जड़ों से जुड़े रहें। इस कार्यक्रम को एकीकृत सरकारी ऑनलाइन प्रशिक्षण- आईगॉट कर्मयोगी प्लेटफार्म की स्थापना करके कार्यान्वित किया जाएगा।

मिशन कर्मयोगी को मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि सिविल सर्विस क्षमता निर्माण के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम- मिशन कर्मयोगी सरकार में मानव संसाधन प्रबंधन कार्य प्रणाली में मौलिक सुधार करेगा। यह सरकारी कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाने के लिए पैमाने और आधुनिक बुनियादी ढांचे का उपयोग करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा कि आईजीओटी प्लेटफ़ॉर्म कार्य आधारित मानव संसाधन प्रबंधन और निरंतर ज्ञान के लिए परिवर्तन सक्षम करेगा। मिशन कर्मयोगी का उद्देश्य पारदर्शिता और प्रौद्योगिकी के माध्यम से भविष्य के लिए सरकारी कर्मचारियों को अधिक सृजनात्‍मक, रचनात्मक और नवोन्‍मेषी बनाना है।