Homeराष्ट्रीयMP Transco ने 351 नए कार्मिकों को दी नियुक्ति- ऊर्जा मंत्री तोमर

MP Transco ने 351 नए कार्मिकों को दी नियुक्ति- ऊर्जा मंत्री तोमर

जबलपुर । ऊर्जा विभाग के अंतर्गत मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) द्वारा विभिन्न श्रेणियों के पदों पर चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर प्रथम चरण तक कुल 351 नए कार्मिकों को नियुक्तियां प्रदान की गई है। इनमें द्वितीय श्रेणी के 55 अधिकारी, तृतीय श्रेणी के 173 कर्मचारी तथा चतुर्थ श्रेणी के 123 कर्मचारी शामिल हैं।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सभी नव-नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समर्पण, दक्षता और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवा एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन के जुड़ने से प्रदेश की ट्रांसमिशन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

चरणबद्ध तरीके से की जा रही है नियुक्तियां

ऊर्जा मंत्री तोमर ने बताया कि कंपनी द्वारा ट्रांसमिशन तंत्र के प्रभावी संचालन, रखरखाव तथा विस्तार कार्यों को गति देने के लिए चरणबद्ध रूप से रिक्त पदों पर भर्ती की जा रही है। इन नियुक्तियों से कंपनी की तकनीकी एवं संचालन क्षमता को और मजबूती मिलेगी तथा प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय विद्युत पारेषण व्यवस्था सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

नए कार्मिकों को दिया जा रहा है प्रशिक्षण –

एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता (मानव संसाधन एवं प्रशासन) धीरेंद्र सिंह ने बताया कि नियुक्त किए गए 351 कार्मिकों में 55 सहायक अभियंता,166 कनिष्ठ अभियंता(पारेषण),7 कनिष्ठ अभियंता (सिविल), 89 उपकेंद्र परिचारक,24 सिविल परिचारक तथा 10 सर्वेयर परिचारक शामिल हैं। सभी नव-नियुक्त कार्मिकों को आवश्यक तकनीकी एवं कार्यात्मक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

Related Articles

Latest News