MP Weather : 30 जुलाई को मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरे शबाब पर है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में तेज से मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहेगा। रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट जिलों में कहीं-कहीं अति भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। वहीं विदिशा, राजगढ़, शाजापुर सहित कई अन्य जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक छत्तीसगढ़ के ऊपर बना गहरा निम्न दबाव क्षेत्र (डीप डिप्रेशन) पश्चिम की ओर बढ़ते हुए पूर्वी मध्य प्रदेश से गुजर सकता है। इसी प्रभाव के चलते प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी और कई इलाकों में जलभराव तथा नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में सुहावने मौसम के साथ बारिश का अलर्ट
भारी बारिश के बीच बाढ़ का खतरा होने के आसार
किस कारण हो रही मध्य प्रदेश में इतनी बारिश?
भोपाल में 29 डिग्री तक रह सकता है तापमान
राजधानी भोपाल में 30 जुलाई की सुबह तक आसमान सामान्य रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है. गरज-चमक और बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग ने भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान दिया है. हवा की औसत रफ्तार 16 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है.
MP में कहां कितना रहा तापमान –
29 जुलाई को उपलब्ध ताजा तापमान रिकॉर्ड में प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. दतिया और ग्वालियर में पारा 37 डिग्री, सतना के चित्रकूट और छतरपुर के खजुराहो में 36 डिग्री, नौगांव में 35.6 डिग्री और टीकमगढ़ में 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
दूसरी तरफ बारिश वाले क्षेत्रों में दिन का तापमान काफी कम रहा. बैतूल में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री, इंदौर में 27.5 डिग्री, धार में 27.7 डिग्री, शाजापुर के गिरवर में 27.9 डिग्री और अनूपपुर के अमरकंटक में 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.
न्यूनतम तापमान की बात करें तो खंडवा और खरगोन में 19 डिग्री, नर्मदापुरम के पचमढ़ी में 20.2 डिग्री, धार में 21.6 डिग्री, अनूपपुर के अमरकंटक में 22 डिग्री और दतिया व बैतूल में 22.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. इसके विपरीत ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री, सतना के चित्रकूट में 26.8 डिग्री, बड़वानी के तालुन में 26.7 डिग्री, निवाड़ी के पृथ्वीपुर और श्योपुर में 26 डिग्री तथा सतना में 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा.
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में प्रदेश के तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
अधिकांश हिस्सों में बारिश सामान्य से अधिक से सामान्य रहने की संभावना –
मौसम विभाग के दूसरे साप्ताहिक पूर्वानुमान में भी 24 से 30 जुलाई के दौरान मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश सामान्य से अधिक से सामान्य रहने की संभावना जताई गई थी. केवल प्रदेश के सुदूर पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बारिश सामान्य रहने का अनुमान था. इसी अवधि में उत्तरी मध्य प्रदेश के अंतिम छोर पर अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर और बाकी प्रदेश में सामान्य रहने की संभावना बताई गई थी. न्यूनतम तापमान पूरे प्रदेश में सामान्य रहने का अनुमान था.











