Sunday, June 28, 2026
Homeराष्ट्रीयMumbai Police ने नाकाम की बड़ी साजिश, 14,900 जहरीली कैप्सूल जब्त

Mumbai Police ने नाकाम की बड़ी साजिश, 14,900 जहरीली कैप्सूल जब्त

Mumbai Police : दक्षिण मुंबई में मुहर्रम के जुलूस के बीच सामूहिक रूप से जहर देने की कथित साजिश का मुंबई पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुणे के विमान नगर निवासी 39 वर्षीय पेंट कारोबारी फैयाज प्रेमजी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से चूहे मारने वाले अत्यधिक विषैले रसायन जिंक फॉस्फाइड से भरी 14,900 कैप्सूल बरामद की हैं। शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी इन कैप्सूलों को दर्द निवारक दवा बताकर जुलूस में शामिल लोगों, खासकर मातम करने वालों के बीच बांटने की कथित तैयारी में था।
Mumbai Police : अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने रंगे हाथों दबोचा

यह पूरी घटना भायखला और जेजे फ्लाईओवर के पास मुहर्रम के आशुरा जुलूस के दौरान शनिवार (27 जून 2026) तड़के सामने आई. सुबह करीब 4:00 बजे एक प्रतिभागी को यह कैप्सूल खाने के बाद गंभीर उल्टी और पेट में तेज ऐंठन की शिकायत हुई, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों को मामला संदिग्ध लगने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया. मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस की गश्ती टीम ने रे रोड इलाके में रहमताबाद कब्रिस्तान के पास से आरोपी फैयाज प्रेमजी को रंगे हाथों दबोच लिया.

ऑनलाइन माध्यम से मंगाया था 50 किलो जहर

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसका इरादा जुलूस में शामिल लोगों को नुकसान पहुंचाना था. पुलिस उपायुक्त जयंत मीना के अनुसार, फैयाज ने ऑनलाइन माध्यम से 30,000 खाली कैप्सूल और 50 किलोग्राम जिंक फॉस्फाइड पाउडर मंगवाया था. वह मुंबई के डोंगरी इलाके के एक गेस्ट हाउस और डॉर्मिटरी में ठहरा हुआ था, जहां उसने खुद अपने हाथों से हर कैप्सूल में लगभग एक ग्राम जहरीला पाउडर भरा. वह कुल 30,000 कैप्सूल तैयार करने की फिराक में था, लेकिन आधी साजिश के दौरान ही पुलिस ने उसे दबोच लिया.

आरोपी की संदिग्ध विदेश यात्राएं

जांच में सामने आया है कि आरोपी फैयाज प्रेमजी खुद शिया खोजा मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखता है. वह बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन ग्रेजुएट है और पुणे में अपने पिता की पेंट कंपनी संभालता है. पुलिस को उसकी हालिया यात्राओं पर गहरा संदेह है. रिकॉर्ड्स के मुताबिक, फैयाज ने साल 2019 से 2025 के बीच कई बार ईरान और इराक की यात्रा की है, जिसमें पिछले एक साल के भीतर ही उसने 19 बार इन देशों का दौरा किया. वर्तमान में उसकी मां और बहन (जो फिजियोथेरेपिस्ट हैं) ईरान में ही रह रही हैं.

हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज, जांच जारी

मुंबई पुलिस ने फैयाज प्रेमजी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 110 और 123 के तहत जहर देने और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड और बैंक स्टेटमेंट जब्त कर लिए हैं. साइबर और फॉरेंसिक टीमें इस बात की गहनता से जांच कर रही हैं कि आरोपी ने इस खौफनाक साजिश को अकेले अंजाम दिया है या वह किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय या आतंकी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था.

Related Articles

Latest News