Tuesday, July 21, 2026
Homeराष्ट्रीयNEET Paper Leak: पीएम मोदी का बड़ा संदेश,छात्रों को भड़काएं नहीं........

NEET Paper Leak: पीएम मोदी का बड़ा संदेश,छात्रों को भड़काएं नहीं……..

नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा संदेश दिया है। मंगलवार को संसद परिसर में आयोजित एनडीए संसदीय दल की बैठक, जिसे ‘मंगल मिलन’ नाम दिया गया था, उसमें प्रधानमंत्री ने सांसदों को संबोधित करते हुए युवाओं और छात्रों को लेकर अपनी चिंता जाहिर की।

उन्होंने कहा कि छात्रों को गुमराह करने या भड़काने के बजाय उन्हें सही दिशा दिखाना सभी की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब एक दिन पहले दिल्ली में NEET पेपर लीक को लेकर छात्रों ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया था।

‘गलत रास्ता आसान, लेकिन वापसी मुश्किल’

संसद की लाइब्रेरी बिल्डिंग स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गलत रास्ते पर चलना आसान होता है, लेकिन वहां से वापस लौटना बेहद कठिन होता है। इसलिए समाज और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि युवाओं को सही मार्ग दिखाया जाए। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने की जरूरत है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि युवाओं को भड़काने के बजाय उनका मार्गदर्शन किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है और उन्हें सही सोच के साथ आगे बढ़ाना सभी की साझा जिम्मेदारी है।

एनडीए सांसदों को दिया खास संदेश

‘मंगल मिलन’ बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू समेत एनडीए के सभी सांसद मौजूद रहे। बैठक समाप्त होने के बाद किरेन रिजिजू ने मीडिया को प्रधानमंत्री के संबोधन की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने नीट पेपर लीक के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही सांसदों से कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रणाली पर छात्रों का भरोसा कायम रहना बेहद जरूरी है।

NEET ‘पेपर लीक दोबारा नहीं होना चाहिए’

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी जोर दिया कि किसी भी छात्र का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने जांच एजेंसियों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात दोहराई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जो भी लोग NEET पेपर लीक में शामिल पाए जाएंगे, उन्हें कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उनका मानना है कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई से ही परीक्षा प्रणाली में लोगों का विश्वास बना रहेगा।

NEET पुनर्परीक्षा और छात्रों के भविष्य पर भी चर्चा

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने नीट पुनर्परीक्षा का भी उल्लेख किया। किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने छात्रों के हित को प्राथमिकता देते हुए पुनर्परीक्षा कराई और परिणाम भी बिना अनावश्यक देरी के घोषित किए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि छात्रों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित न हो।

उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ऐसी व्यवस्था बनाने पर काम कर रही है, जिससे भविष्य में परीक्षा प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बन सके।

करीब पांच मिनट तक रखा अपना पक्ष

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक में लगभग पांच मिनट तक केवल NEET पेपर लीक के मुद्दे पर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने दोहराया कि आरोपियों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने सांसदों से भी अपील की कि वे छात्रों में भरोसा बनाए रखने का प्रयास करें। साथ ही युवाओं को सकारात्मक संदेश दें, ताकि वे अफवाहों या भड़काऊ बातों के प्रभाव में न आएं।

छात्रों के प्रदर्शन के बाद आया बयान

प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब नीट पेपर लीक को लेकर देशभर में बहस जारी है। दिल्ली में छात्रों के संसद मार्च और विरोध प्रदर्शन के एक दिन बाद प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखी। ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार परीक्षा प्रणाली को लेकर छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से ले रही है।

अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच एजेंसियां इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती हैं और सरकार भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए कौन से नए कदम उठाती है।

Related Articles

Latest News