जबलपुर । डॉ. विवेक कुमार गुप्ता, निदेशक, आईसीएआर-राष्ट्रीय सुअर अनुसंधान केंद्र तथा डॉ. प्रणब जे. दास, प्रधान वैज्ञानिक, अखिल भारतीय समन्वित सूकर अनुसंधान परियोजना, गुवाहाटी ने नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय जबलपुर स्थित अखिल भारतीय समन्वित सूकर अनुसंधान परियोजना केन्द्र का आधिकारिक दौरा किया।
भ्रमण के दौरान अतिथियों ने सूकर फार्म का विस्तृत निरीक्षण किया तथा केन्द्र की चल रही गतिविधियों एवं अधोसंरचना की समीक्षा की।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ विस्तृत चर्चा भी की गई, जिसमें माननीय कुलपति डॉ. मनदीप शर्मा जी ने डॉ. गुप्ता को यह आश्वासन दिया कि परियोजना अपने निर्धारित उद्देश्यों/दायित्वों को सर्वोत्तम रूप से पूरा कर सके, इसके लिए हर संभव सहायता, सुविधाएँ एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
इस दौरान कुलसचिव डॉ. एस. एस. तोमर, निदेशक फार्म डॉ. जी. पी. लखानी, निदेशक अनुसंधान डॉ. मधु स्वामी, निदेशक विस्तार डॉ. सुनील नायक, डीन डॉ. आर. के. शर्मा तथा, जबलपुर केन्द्र के प्रधान अन्वेषक डॉ. बिस्वजीत रॉय उपस्थित रहे।
डॉ. बिस्वजीत रॉय ने केन्द्र में संचालित अखिल भारतीय समन्वित सूकर अनुसंधान परियोजनाओं एवं गतिविधियों की प्रमुख उपलब्धियाँ तथा भविष्य की योजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया।
इसके पश्चात डॉ. गुप्ता एवं डॉ. दास ने सूकर पालकों से संवाद किया तथा उन्हें सूकर फीड, मिनरल मिक्सचर एवं गमबूट्स का वितरण किया। साथ ही अतिथियों द्वारा परिसर में गुलमोहर एवं सप्तपर्णी के पौधों का रोपण भी किया गया।
डॉ. गुप्ता ने अखिल भारतीय समन्वित सूकर अनुसंधान परियोजना – जबलपुर केन्द्र के कार्यों एवं प्रगति की सराहना की तथा मध्यप्रदेश की देशी सूअर नस्ल के चरित्रांकन प्रारंभ करने का सुझाव दिया। कार्यक्रम की व्यवस्था एवं समन्वय में डॉ. पूनम शाक्य, डॉ. रुचि सिंह, डॉ. आकांक्षा सिंह एवं डॉ. भावना अहरवाल का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।











