Pre-Monsoon: भारत के कई राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है और लगातार हो रही बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
Pre-Monsoon: देशभर में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को मौसम ने बड़ी राहत दी है। दक्षिण भारत में मानसून की दस्तक के साथ केरल में बारिश का दौर शुरू हो चुका है, जबकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को तेज हवाओं और बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी। उधर, मुंबई में रविवार सुबह से प्री-मानसून बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। झमाझम बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जिससे तपिश का असर और कम होने की उम्मीद है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों और जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को मुंबई, पालघर और ठाणे जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान तेज हवाओं के बारिश होने के आसार हैं।
Pre-Monsoon:सोमवार को भी मुंबई में होगी बारिश
मौसम विभाग ने सोमवार को पालघर और ठाणे जिलों में गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। इसलिए, सोमवार को इन क्षेत्रों के लिए बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। साथ ही सोमवार को मुंबई में भी हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है।
Pre-Monsoon:दिल्ली-एनसीआर में आज भी है बारिश का अनुमान
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार शाम को बारिश हुई। मौसम विभाग ने रविवार को भी दिल्ली-एनसीआर में गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में सोमवार और मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है। साथ ही कहा कि बुधवार से शुक्रवार तक आसमान साफ रहेगा।
Pre-Monsoon:यूपी, राजस्थान और हिमाचल में भी होगी बारिश
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज आंधी और बारिश का अनुमान जताया है। राजस्थान में धूलभरी आंधी, तेज हवाएं और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई है। पहाड़ी राज्यों की बात करें तो उत्तरांखड में आज बारिश और ओलावृष्टि होने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश के कई कुछ इलाकों में बारिश का अलर्ट है।











