Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयस्वातंत्र्यवीर सावरकर मानहानि मामले में पुणे कोर्ट ने राहुल गांधी को 10...

स्वातंत्र्यवीर सावरकर मानहानि मामले में पुणे कोर्ट ने राहुल गांधी को 10 जनवरी को किया तलब

मुंबई (हि.स.)। स्वातंत्र्यवीर सावरकर मानहानि मामले में पुणे की विशेष कोर्ट ने सोमवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कोर्ट में पेश होने की समय सीमा बढ़ाकर 10 जनवरी, 2025 कर दिया है। कोर्ट ने राहुल गांधी को अगली तारीख पर सुनवाई के दौरान उपस्थित रहने का आदेश भी दिया है।

पुणे विशेष कोर्ट के जज अमोल शिंदे के समक्ष सोमवार को वीर सावरकर मानहानि मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पेश होने के लिए कहा गया था। राहुल गांधी की ओर से पेश हुए एडवोकेट मिलिंद पवार ने कोर्ट को बताया कि राहुल गांधी वर्तमान में संसद सत्र में भाग ले रहे हैं, इसलिए अदालत में उपस्थित नहीं हो सकते। इसके बाद कोर्ट ने राहुल गांधी को 10 जनवरी को पेश होने का निर्देश दिया।

उल्लेखनीय है कि स्वातंत्र्य वीर सावरकर के पोते सात्यिकी सावरकर ने राहुल गांधी पर इंग्लैंड में 5 मार्च, 2023 को भाषण देते समय वीर सावरकर का अपमान करने का आरोप लगाया था। इसके बाद सात्यिकी सावरकर ने राहुल गांधी के विरुद्ध मानहानि का मुकदमा पुणे के विशेष कोर्ट में दाखिल किया था। इसी मामले की आज पुणे के विशेष कोर्ट में सुनवाई हुई, जिसमें राहुल गांधी को उपस्थित रहने के लिए कहा गया था।

Related Articles

Latest News