Friday, July 31, 2026
Homeराष्ट्रीयRamayana Trailer Out: 4000 करोड़ की फिल्म ने रिलीज होते ही लूटी...

Ramayana Trailer Out: 4000 करोड़ की फिल्म ने रिलीज होते ही लूटी महफिल, 9 घंटे में 1 करोड़ व्यूज

Ramayana Trailer Out:बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का पहला ट्रेलर रिलीज होते ही इंटरनेट पर छा गया है। रिलीज के महज 9 घंटे के भीतर ट्रेलर ने 1 करोड़ (10 मिलियन) से अधिक व्यूज हासिल कर नया रिकॉर्ड बना लिया और यूट्यूब के टॉप ट्रेंडिंग वीडियो में शामिल हो गया। फिल्म को लेकर भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। भारतीय सिनेमा की सबसे भव्य और महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में गिनी जा रही ‘रामायण’ का संयुक्त बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जिसके चलते यह रिलीज से पहले ही चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन गई है।
सभी कलाकारों का दमदार लुक –

निर्देशक नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण निर्माता नमित मल्होत्रा कर रहे हैं. दो भागों में तैयार की जा रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण, यश रावण और सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं. ट्रेलर में सभी कलाकारों के दमदार लुक और भव्य प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है.

धर्म की स्थापना और अधर्म के विनाश की कथा की झलक –

रिलीज हुए ट्रेलर में भगवान विष्णु के श्रीराम के रूप में अवतार लेने, धर्म की स्थापना और अधर्म के विनाश की कथा की झलक दिखाई गई है. वहीं यश के रावण अवतार को शक्तिशाली, अहंकारी और प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया गया है. ट्रेलर में श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के भावनात्मक संबंधों के साथ-साथ आने वाले महायुद्ध की भी भव्य झलक देखने को मिलती है.

ए.आर. रहमान का धमाकेदार संगीत है –

फिल्म के शानदार विजुअल इफेक्ट्स (वीएफएक्स), विशाल सेट, सिनेमैटोग्राफी और बैकग्राउंड स्कोर की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है. ट्रेलर देखने के बाद दर्शकों ने इसे भारतीय सिनेमा के लिए एक नया मानक बताया है. फिल्म की कहानी का रूपांतरण श्रीधर राघवन ने किया है, जबकि संगीत की जिम्मेदारी अंतरराष्ट्रीय संगीतकार हांस जिमर और ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान ने मिलकर संभाली है. पूर्व और पश्चिम के संगीत का यह अनूठा सहयोग भी फिल्म की सबसे बड़ी खासियतों में गिना जा रहा है.

इस फिल्म पर 4000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं –

निर्माता नमित मल्होत्रा ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में बताया कि जब उन्होंने छह-सात वर्ष पहले इस परियोजना पर गंभीरता से काम शुरू किया था, तब कई लोगों ने इसे असंभव और अत्यधिक महंगा प्रोजेक्ट बताया था. उन्होंने कहा कि दोनों भागों को मिलाकर फिल्म पर लगभग 500 मिलियन अमेरिकी डॉलर, यानी करीब 4000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. यह बजट अब तक भारत में बनी किसी भी फिल्म से कई गुना अधिक माना जा रहा है.

‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज किया जाएगा-

पहला भाग दीपावली 2026 पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में आईमैक्स सहित विभिन्न प्रारूपों में प्रदर्शित होगा, जबकि दूसरा भाग दीपावली 2027 पर रिलीज किया जाएगा. निर्माताओं का लक्ष्य इस फिल्म को वैश्विक स्तर पर भारतीय संस्कृति और महाकाव्य की भव्य प्रस्तुति के रूप में स्थापित करना है.

दर्शकों की अपेक्षाएं बहुत ऊंची हैं –

ट्रेलर को मिली शानदार प्रतिक्रिया ने यह संकेत दे दिया है कि फिल्म को लेकर दर्शकों की अपेक्षाएं बेहद ऊंची हैं. सोशल मीडिया पर ट्रेलर के दृश्य, कलाकारों के लुक और तकनीकी गुणवत्ता की व्यापक चर्चा हो रही है. यदि यही उत्साह रिलीज तक बना रहता है तो ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़ी ओपनिंग और सबसे सफल फिल्मों में शामिल हो सकती है. फिलहाल 9 घंटे में 1 करोड़ से अधिक व्यूज का आंकड़ा पार कर फिल्म ने रिलीज से पहले ही अपनी लोकप्रियता का मजबूत संकेत दे दिया है.

Related Articles

Latest News