श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। नवी मुंबई से यात्रियों को लेकर श्रीनगर पहुंची इंडिगो की एक फ्लाइट लैंडिंग के बाद पार्किंग क्षेत्र की ओर बढ़ते समय वहां लगे एक खंभे से टकरा गई। टक्कर के वक्त विमान में दर्जनों यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित रहे और किसी को चोट नहीं आई। घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और विमान की जांच के साथ घटना के कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
पार्किंग के दौरान वीडीजीएस सिस्टम के खंभे से जा भिड़ा विमान
रिपोर्ट के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6ई 225 (वीटी-एनओजी) सुबह करीब 9 बजकर 2 मिनट पर श्रीनगर एयरपोर्ट पर उतरी थी. लैंडिंग के बाद जब विमान को बे-नंबर 6 पर पार्क किया जा रहा था, तभी वह अचानक विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (वीडीजीएस) के खंभे से टकरा गया. अचानक हुए इस झटके से यात्रियों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया. एयरपोर्ट अधिकारियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. हादसे के बावजूद रनवे पर उड़ानों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है.
हादसे की उच्चस्तरीय जांच शुरू, तकनीकी चूक की आशंका
हवाई पट्टी पर इस तरह की गंभीर चूक कैसे हुई, इसे लेकर श्रीनगर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हादसा पायलट की चूक से हुआ या डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम में कोई तकनीकी खराबी आ गई थी. फिलहाल एविएशन सुरक्षा दल घटनास्थल का मुआयना कर रहा है.
एक दिन पहले पायलट की बिगड़ी तबीयत, मस्कट डायवर्ट हुई थी फ्लाइट
इंडिगो एयरलाइंस के साथ बीते 24 घंटे में यह दूसरी अप्रत्याशित घटना है. इससे पहले गुरुवार को दोहा से बेंगलुरु आ रही इंडिगो की उड़ान 6ई1302 (ए321 विमान) को उस वक्त मस्कट की ओर मोडऩा पड़ा था, जब बीच हवा में मुख्य पायलट की तबीयत अचानक बेहद खराब हो गई. विमान की मस्कट में इमरजेंसी लैंडिंग कराकर पायलट को तुरंत मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई गई. इसके बाद यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरे विमान और नए क्रू का इंतजाम करना पड़ा था.








