WhatsApp यूजर्स के लिए Meta ने Guest Calling फीचर पेश किया है, जिसकी मदद से अब ऐसे लोगों को भी वीडियो कॉल में शामिल किया जा सकता है, जिनका WhatsApp पर अकाउंट नहीं है। इस फीचर की खास बात यह है कि गेस्ट यूजर को कॉल में शामिल होने के लिए WhatsApp अकाउंट बनाने या ऐप इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं होगी। कॉल होस्ट WhatsApp के Calls टैब से कॉल लिंक जनरेट करके दूसरे लोगों के साथ शेयर कर सकता है। लिंक खोलने के बाद गेस्ट अपना नाम दर्ज करके कॉल में शामिल होने का अनुरोध कर सकता है।
हालांकि, उसे कॉल में एंट्री तभी मिलेगी, जब होस्ट इसकी अनुमति देगा। सुरक्षा के लिहाज से गेस्ट को वेटिंग रूम में रखा जाता है और होस्ट के पास उसे कॉल से हटाने का विकल्प भी होता है। इसके अलावा, गेस्ट दूसरे प्रतिभागियों के मोबाइल नंबर नहीं देख सकता और न ही वह किसी अन्य व्यक्ति को कॉल में जोड़ सकता है। इस फीचर के जरिए एक कॉल में अधिकतम 32 लोगों के शामिल होने की सुविधा बताई गई है।
WhatsApp का Guest Calling फीचर उन लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है, जो दोस्तों, परिवार या सहकर्मियों के साथ वीडियो कॉल करना चाहते हैं, लेकिन WhatsApp अकाउंट नहीं बनाना चाहते।








