Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशअनुकम्पा नियुक्ति देने में लापरवाही पर डीईओ तत्काल प्रभाव से निलंबित

अनुकम्पा नियुक्ति देने में लापरवाही पर डीईओ तत्काल प्रभाव से निलंबित

पिछले 7 वर्षों से अनुकंपा नियुक्ति के लिए भटक रहे शिक्षक के परिवार की शिकायत पर संभागायुक्त श्रीमन शुक्ला ने लापरवाह जिला शिक्षा अधिकारी को निलंबित कर दिया है।

मंगलवार को जनसुनवाई में स्वर्गीय रामराज द्विवेदी संविदा शाला शिक्षक वर्ग 3 शासकीय माध्यमिक विद्यालय देवराव जनपद पंचायत ब्यौहारी जिला शहडोल के पुत्र अवनीश कुमार द्विवेदी ने संभागायुक्त को आवेदन देकर बताया कि उनके पिता रामराज द्विवेदी संविदा शिक्षक वर्ग 3 के पद पर शासकीय प्राथमिक शाला देवरांव में गुरू जी के रूप में पदस्थ थे। जिनकी मृत्यु 2017 को हृदयघात से हुई थी। पिता की मृत्यु के उपरांत लगभग सात वर्षों से उसकी मां और वह पिता के संविलियन और अनुकंपा नियुक्ति के लिए भटक रहे हैं, मगर उन्हें अनुकंपा नियुक्ति नहीं दी जा रही है। इस संबंध में संभागायुक्त ने जन सुनवाई में उपस्थित अपर संचालक लोक शिक्षण शहडोल संभाग से वस्तुस्थिति की जानकारी ली।

अपर संचालक लोक शिक्षण ने अवगत कराया कि उच्च न्यायालय जबलपुर द्वारा अवनीश द्विवेदी के पक्ष में निर्णय पारित किया गया है, किन्तु जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा उक्त आदेश का पालन नहीं किया जाना पाया गया है। जिस पर संभागायुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी शहडोल फूलसिंह मरपाची को जनसुनवाई में तलब कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। समाधान कारक उत्तर प्रस्तुत नहीं करने पर इस लापरवाही के कारण जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

Related Articles

Latest News