Monday, June 15, 2026
Homeराष्ट्रीयहॉकी इंडिया लीग: ओलंपिक पदक विजेता कप्तान हरमनप्रीत सिंह को सूरमा क्लब...

हॉकी इंडिया लीग: ओलंपिक पदक विजेता कप्तान हरमनप्रीत सिंह को सूरमा क्लब ने 78 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा

नई दिल्ली (हि.स.)। सात साल बाद वापस आ रही हॉकी इंडिया लीग (HIL) 2024-25 के प्लेयर ऑक्शन की शुरुआत हो चुकी है। ऑक्शन के पहले दिन खिलाड़ियों पर जमकर पैसों की बरसात हो रही है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के ओलंपिक पदक विजेता कप्तान हरमनप्रीत सिंह पर सबसे बड़ी बोली लगी है। उन्हें सूरमा हॉकी क्लब ने 78 लाख रुपये की भारी भरकम खर्च कर अपने साथ जोड़ा है। वहीं बेहतरीन मिडफील्ड एवं उप-कप्तान हार्दिक सिंह को यूपी रुद्रार्स ने 70 लाख रुपये में अपने नाम किया।

नई दिल्ली में 13 से 14 अक्टूबर तक आयोजित ऑक्शन में सबसे पहली बोली रविवार को फॉरवर्ड गुरजंत सिंह पर लगी। उन्हें सूरमा हॉकी क्लब ने 19 लाख की रकम के साथ अपने साथ जोड़ा है। गुरजंत के बाद मनदीप सिंह पर बोली लगी। मनदीप सिंह को 25 लाख में और मनप्रीत सिंह को 42 लाख में टीम गोनासिका ने अपने नाम किया। सुखजीत सिंह को बंगाल टाइगर्स ने 42 लाख में खरीदा।

अभिषेक 72 लाख रुपये की बड़ी रकम में श्राची रारह बंगाल टाइगर्स में गए। डिफेंडर अमित रोहिदास को तमिलनाडु ड्रैगन्स ने 48 लाख, नीलकंठ शर्मा को हैदराबाद तूफान ने 34 लाख, ललित कुमार उपाध्याय को यूपी रुद्रार्स ने 28 लाख में, उभरते सितारे विवेक सागर प्रसाद 40 लाख में सूरमा हॉकी क्लब में तथा जुगराज सिंह 48 लाख में श्राची ररह बंगाल टाइगर्स में शामिल हुए।

एचआईएल 2024-25 आधिकारिक तौर पर 28 दिसंबर को ओडिशा के राउरकेला में एक भव्य उद्घाटन समारोह के साथ शुरू होगा। इस बार पुरुषों (8 टीमें) के साथ महिला टीमें (6 टीमें) भी भाग ले रही हैं। पुरुष और महिला दोनों प्रतियोगिताएं एक साथ चलेंगी। मैच दो प्रतिष्ठित स्थानों – रांची में मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम और राउरकेला में बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। महिला लीग का फाइनल 26 जनवरी 2025 को रांची में होगा और पुरुषों का फाइनल 1 फरवरी 2025 को राउरकेला में होगा।

हॉकी इंडिया लीग 2024-25 सीजन के लिए पुरुष खिलाड़ियों की नीलामी 13 और 14 अक्टूबर को, जबकि महिलाओं की नीलामी 15 अक्टूबर को होगी। ऑक्‍शन के लिए टीमों के पर्स में 4-4 करोड़ रुपये हैं। टीमों को 24-24 खिलाड़ियों का स्क्वॉड तैयार करना है। इसमें 16 भारतीय खिलाड़ी (4 जूनियर खिलाड़ियों को अनिवार्य रूप से शामिल करना) और 8 विदेशी खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं।

Related Articles

Latest News