Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशजबलपुर अपर कलेक्टर मिशा सिंह की सख्त हिदायत- उपार्जन व्यवस्था को वेयर...

जबलपुर अपर कलेक्टर मिशा सिंह की सख्त हिदायत- उपार्जन व्यवस्था को वेयर हाउस की समस्याओं से लिंक नहीं करें

जबलपुर की अपर कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में आज उपार्जन व्यवस्था को लेकर कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित की गई। जिसमें सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि उपार्जन में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इस उद्देश्य से निकटतम वेयर हाऊसों में खरीदी केन्द्र बनाया गया है। अत: सभी संबंधित अधिकारी व जेएसओ उपार्जन कार्य को सरलता से एवं व्यवस्थित रूप से संपादित करायें।

इस दौरान वेयर हाउस के किराया भुगतान के विषय में चर्चा करते हुये उन्होंने कहा कि जिला प्रबंधक वेयर हाउसिंग इस दिशा में सक्रियता से कार्य करें। जितना गेहूं या धान खराब है, उसका भुगतान रोककर बाकी का भुगतान करें। जिस वेयर हाउस में रखे गये धान या गेहूं शत-प्रतिशत सही है उनका भुगतान में व्यवधान नहीं आना चाहिए। साथ ही कहा कि खराब माल है उसका भुगतान नहीं किया जायेगा। 

उन्होंने यह स्पष्ट रूप से कहा कि उपार्जन व्यवस्था को वेयर हाउस की समस्याओं से लिंक नहीं करें, उपार्जन होने के बाद ही वेयर हाउस में फसल रखने का काम होता है।

अपर कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि गोदामों से राइस मिलर्स का मैपिंग करायें और इस दिशा में आगे की कार्यवाही करें। सुनिश्चित करें कि वेयर हाउस के किराया का समय पर भुगतान हो।

उन्होंने कहा कि उपार्जित धान के भंडारण की व्यवस्था और समस्याओं के संबंध में वेयर हाउस संचालकों के साथ कलेक्टर सभागार में विचार विमर्श किया जायेगा। बैठक में खरीदी केन्द्रों के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई।

Related Articles

Latest News