माँ नर्मदा जयंती पर मंगलवार 4 फरवरी को गौरीघाट में बड़ी संख्या में माँ नर्मदा के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र में दुपहिया, चार पहिया वाहनों के आवागमन, पार्किंग, भंडारा एवं अस्थाई फूल माला और प्रसाद विक्रय की दुकानों के लिए स्थान चिन्हित किये गये हैं। जिला प्रशासन द्वारा इस दिन सुगम यातायात के मद्देनजर वन-वे ट्रैफिक की व्यवस्था भी लागू की गई है।
मेला अधिकारी एवं एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह के अनुसार माँ नर्मदा जयंती पर चार पहिया एवं दोपहिया वाहन रामपुर चौक से बादशाह हलवाई मंदिर पोलीपाथर होते हुए गौरीघाट की ओर आ सकते है। जबकि तिलहरी-महौली से गौरीघाट की ओर जाने वाले वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रामपुर चौक बादशाह हलवाई मंदिर से पोलीपाथर होकर गौरीघाट की ओर आने वाले वाहनों हेतु रेतनाका से मार्ग डायवर्ट किया जाकर अवधपुरी होते हुए आयुर्वेदिक कॉलेज ग्राउंड एवं गीताधाम के सामने ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
अनुराग सिंह ने बताया कि आमजन मां नर्मदा के दर्शन के बाद आयुर्वेदिक कॉलेज से मटौली तिलहरी होते हुए शहर की और वापस जा सकते है। प्रशासन द्वारा वृद्धजनों एवं दिव्यांगओं के लिए रेतनाका आयुर्वेदिक कॉलेज मैदान की पार्किंग एवं नावघाट में निःशुल्क ई-रिक्शा की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।
एसडीएम गोरखपुर के मुताबिक फूलमाला, पूजन सामग्री एवं प्रसाद विक्रय जैसी सभी छोटी अस्थाई दुकानों को झंडा चौक से लेकर घाटों तक लगाये जाने को प्रतिबंधित किया गया है। ये सभी दुकानें आयुर्वेद कॉलेज खेल मैदान के सामने, रामलला मंदिर के सामने से पुरानी छोटी लाइन वाले मार्ग पुराना गौरीघाट स्टेशन तक लगायी जा सकेंगी। दुकानों की जगह चिन्हित कर दुकान क्रमांक आवंटन का कार्य नगर निगम द्वारा किया जायेगा।
इसी प्रकार माँ नर्मदा जयंती पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए रामपुर तिराहे से गौरीघाट तक रोड़ में लगने वाले भंडारों के लिए झंडा चौक के सामने पुरानी छोटी लाइन से गौरीघाट स्टेशन रोड़ एवं आयुर्वेदिक कॉलेज खेल मैदान की दीवार के किनारे जगह आरक्षित की गई है। भंडारों के लिए चिन्हित स्थल का आवंटन नगर निगम जबलपुर द्वारा किया जाएगा।
मेला अधिकारी एवं एसडीएम गोरखपुर ने बताया कि जिला दंडाधिकारी द्वारा 31 जनवरी को जारी किये गये प्रतिबंधात्मक आदेश के तहत मेला स्थल पर लाउड स्पीकर एवं डीजे के उपयोग पर पूर्णत: रोक रहेगी। कंट्रोल रूम, पार्किंग व्यवस्था आदि अन्य स्थलों पर एनाउंसमेंट आदि के लिए पीए सिस्टम का उपयोग केवल प्रशासन द्वारा ही किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा गौरीघाट क्षेत्र में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां नगर निगम, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य विभाग आदि के दल सहायतार्थ उपस्थित रहेंगें।
अनुराग सिंह के अनुसार जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश के तहत माँ नर्मदा जयंती पर 4 फरवरी को नर्मदा नदी के सभी घाटों पर नौका संचालन प्रतिबंधित रहेगा। नर्मदा प्राकट्योत्सव के दौरान मेला क्षेत्र में आतिशबाजी भी पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगी।
ग्वारीघाट की यातायात व्यवस्था
डायवर्सन व्यवस्था- मेट्रो बसों के अलावा सभी प्रकार के भारी वाहन/लोडिंग वाहन आदि रामपुर चौक तक ही जा सकेंगे।
ग्वारीघाट पहुँच मार्ग
सभी प्रकार के दो पहिया/चार पहिया वाहन रामपुर चौक से बिग बाजार, सुखसागर वैली से होते हुये जायेंगे, जो अवधपुरी मोड से बायें डायवर्ट होकर अवधपुरी कालोनी होते हुए आयुर्वेदिक संस्थान पार्किग परिसर (दशहरा मैदान) गेट नम्बर 1 से प्रवेश करेगें एवं दशहरा मैदान में ही पार्क होगें।
▶बिलहरी तिलहरी मण्डला रोड तरफ से आने वाले वाहन तिलहरी ग्राम, कालीधाम, भिटौली कुण्ड होते हुये गीताधाम के सामने ग्राउन्ड में पार्क होगें।
ग्वारीघाट से वापसी मार्ग
▶सभी प्रकार के वाहन दशहरा मैदान से, आयुर्वेदिक संस्थान मेन गेट से होते हुये, गीताधाम, मरघटाई मोड, भिटौली कुण्ड, कालीधाम, छिवला गा्राम, तिलहरी ग्राम, जेडाक्स कॉलेज होते हुये तिलहरी क्रासिंग, बिलहरी, की ओर जायेंगे, कोई भी वाहन पुराना रेल्वे स्टेशन, झण्डा चौक की ओर नहीं जाने दिया जावेगा।
▶मेट्रो बसें रामपुर चौक, से खंदारीनाला से साउथ एवेन्यू मॉल (बिग बाजार) तक ही जा सकेगी, यहाँ श्रद्धालुओं को छोडकर इसी मार्ग से वापस जावेंगी, लेकिन किसी भी स्थिति में मेट्रो बसें रामपुर से बिग बाजार तक न तो बीच रास्ते में सवारियों बैठायगी, न उतारेंगी अर्थात् रोड पर नहीं रूकेगी।
▶समस्त सवारी आटो/आपे रामपुर चौक, बिगबाजार से रेतनाका तक जा सकेंगे तथा सवारियों को उतारकर इसी मार्ग से वापस रेतनाका, बिगबाजार, रामपुर चौक होकर वापस जावेंगें, लेकिन किसी भी स्थिति में आटो/आपे रामपुर से रेतनाका तक न तो बीच रास्ते में सवारियां बैठायगी, न उतारेंगी अर्थात् रोड पर नहीं रूकेगी। अत्याधिक भीड़ भाड़ होने पर सवारी आटो/आपे साउथ एवेन्यू मॉल (बिग बाजार) तक ही जा सकेगें।
▶दिनांक 4 फरवरी 2025 को आम जनता तथा श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा की दृष्टि से रामलला मंदिर से झण्डा चौक, साकेतधाम, वर्मन मोहल्ला, जिलहरी मोड, आयुर्वेदिक संस्थान के सामने तथा ग्वारीघाट के आसपास वाले सभी गलियो को नो व्हीकल जोन बनाया जावेगा। नो व्हीकल जोन में रहने वाले ग्वारीघाट निवासियों से विनम्र अपील है कि आम जनता के हित के लिये एवं स्वयं की असुविधा से बचने के लिए स्वयं के दो पहिया/चार पहिया वाहनों को उक्त मार्ग पर न निकाले और न ही वाहनों को आम रोड पर खड़ा करें।
▶गोराबाजार, बिलहरी, तिलहरी, अथवा बरेला की ओर से आने वाले सभी प्रकार के लोडिंग वाहन तिलहरी मोड से भिटौली होकर कालीधाम या ग्वारीघाट वाले रास्ते से नहीं आ सकेंगे।
पार्किंग व्यवस्था
दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों की पार्किग निम्न स्थलों पर की जा सकेगी।
पार्किग पी-1- आयुर्वेदिक संस्थान स्थित दशहरा मैदान
पार्किग पी 2- गीताधाम के सामने मैदान मे
सम्पूर्ण व्यवस्था दिनांक 03.02.2025 की देर रात्रि से प्रभावशील रहेगी।
भेड़ाघाट की यातायात व्यवस्था
डायवर्सन व्यवस्था
▶सगडा बायपास की ओर से जाने वाले वाहन-मेट्रो बसों के अलावा सभी प्रकार के भारी वाहन/लोडिंग वाहन चौकीताल वायपास से भेड़ाघाट मार्ग की ओर नहीं जा सकेंगें।
▶सगड़ा वायपास की ओर से आनी वाली मेट्रो बसें एवं सवारी आटो/आपे चौकीताल से लम्हेटाघाट होकर भेडाघाट हाईस्कूल भड़पुरा तिराहा तक ही जा सकेंगें।
▶भेड़ाघाट चौराहे की ओर से जाने वाले वाहन- मेट्रो बसों के अलावा सभी प्रकार के भारी वाहन/लोडिंग वाहन सरस्वतीघाट मार्ग की ओर नहीं जा सकेंगें।
▶भेड़ाघाट चौराहे की ओर से आनी वाली सभी मेट्रो बसों एवं सवारी आटो/आपे भेड़ाघाट जनपद पंचायत मैदान तक ही जा सकेगें।
पार्किंग व्यवस्था- दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों की पार्किंग स्थल
▶भेड़ाघाट चौराहे से आने वाले वाहनो हेतु
▶समस्त बड़े वाहनों हेतु- भेड़ाघाट पुलिस लाईन पार्किग मैदान
▶दो पहिया/हल्के चार पहिया वाहन हेतु- हरे कृष्ण आश्रम के सामने, जनपद पंचायत भेड़ाघाट पार्किग
▶दो पहिया/हल्के चार पहिया वाहन हेतु-हेलीपेड मैदान
तिलवारा घाट की यातायात व्यवस्था- डायवर्सन
▶शहर से आने वाले सभी प्रकार के बड़े/मध्यम वाहन त्रिपुरी चौक, मेडीकल, शास्त्रीनगर से सगड़ा तिराहा तक जा सकेगें। बाद दाहिने टर्न होकर सगड़ा बायपास होकर जावेगें।
▶सिवनी तरफ से आने वाले सभी प्रकार के बडे़/मध्यम वाहन तिलवारा पुल से शहर की तरफ नहीं जा सकेंगें आगे बढ़कर सगड़ा वायपास से सगडा चौराहा, शास्त्रीनगर, मेडीकल होकर जावेगें।
पार्किंग स्थल- दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों की पार्किंग स्थल-
▶लिटिल वर्ल्ड स्कूल मैदान पार्किग
▶तिलवारा नया पुल के नीचे पार्किग











