Saturday, April 25, 2026
Homeमध्य प्रदेशबिजली कंपनी ने एक साथ कई आउटसोर्स कर्मियों को नौकरी से निकाला,...

बिजली कंपनी ने एक साथ कई आउटसोर्स कर्मियों को नौकरी से निकाला, किया ब्लैकलिस्ट

कार्य में लापरवाही एवं अनियमितता बरतने पर बिजली कंपनी ने 37 आउटसोर्स कर्मियों को सेवा से पृथक करते हुए ब्लैकलिस्ट कर दिया।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कार्य में लापरवाही और अनियमितता बरतने के चलते कंपनी कार्यक्षेत्र के भोपाल, नर्मदापुरम, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, मुरैना तथा श्‍योपुर में बाह्यस्त्रोत एजेंसी के माध्यम से कार्यरत 37 आउटसोर्स कार्मिकों को सेवाओं से पृथक करते हुए ब्लैकलिस्ट किया है। कंपनी द्वारा ब्लैक लिस्ट किये गए 37 आउटसोर्स कार्मिक कंपनी कार्यक्षेत्र के किसी भी बिजली कार्यालय में कार्य नहीं कर सकेंगे।

गौरतलब है कि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कंपनी कार्यक्षेत्र के भोपाल वृत्त में कार्यरत 7 आउटसोर्स कार्मिकों के साथ ही भोपाल ग्रामीण में 3, नर्मदापुरम में 3, रायसेन में 6, राजगढ. में 2, सीहोर में 8, विदिशा में 3, मुरैना में 2, श्‍योपुर में 1 तथा  शिवपुरी वृत्‍त में कार्यरत 2 आउटसोर्स कार्मिकों को लापरवाही और अनियमितता बरतने के कारण सेवा से पृथक कर ब्लैकलिस्ट किया गया है।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने सचेत किया है कि कार्य में पारदर्शिता, लगन, निष्ठा और उपभोक्ता सेवाओं को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कंपनी में जीरो टोलरेंस की नीति लागू है और सभी मैदानी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे उपभोक्ता सेवाओं और कंपनी की उत्तरोत्तर तरक्की के लिए निरन्तर प्रयास करते रहें।

Related Articles

Latest News