मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वरिष्ठ बिजली अधिकारी के सरंक्षण और मिलीभगत से बिजली कंपनी को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई, इतना ही नहीं इस पूरे मामले की जांच में घोर लापरवाही करते हुए वरिष्ठ अधिकारी ने इस मामले में लीपा-पोती करने और दबाने की पूरी कोशिश की, लेकिन एक शिकायत के बाद लाखों का ट्रांसफॉर्मर घोटाला कंपनी प्रबंधन के संज्ञान में आ गया, जिसके बाद फिर गहन जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की मुख्य महाप्रबंधक को अपनी शिकायत में छतरपुर निवासी शिकायतकर्ता राजकिशोर पटेल ने बताया कि सहायक अभियंता रामप्रकाश द्विवेदी ने बक्सवाहा वितरण केन्द्र में पदस्थ रहते हुए बिजली कंपनी के 38 नग ट्रांसफार्मर ठेकेदार की मदद से निकलवाकर छतरपुर की शिवोहम ट्रांसफार्मर फैक्ट्री को बेच दिये। इसके अलावा सहायक अभियंता रामप्रकाश द्विवेदी के द्वारा विभिन्न वितरण केंद्रों में पदस्थ रहते हुए अनेक घोटाले किए हैं।
शिकायत के बाद बिजली कंपनी प्रबंधन द्वारा जब इस ट्रांसफॉर्मर घोटाले की गहनता से जांच कारवाई तो एक बड़ा घोटाला सामने आया, जिसमें कई मैदानी अधिकारी एवं कर्मचारी संलिप्त पाए गए। जांच में एक के बाद एक परतें खुल रहीं हैं, जिसके बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कार्यवाही की जा रही है। अभी तक दो अभियंताओं से उनका चालू प्रभार वापस लेकर उनका डिमोशन कर दिया गया और एक लाइनमैन पर भी कार्यवाही हुई है।
बिजली कंपनी प्रबंधन ने अपने आदेश में लिखा कि संचारण संधारण संभाग बिजावर के अंतर्गत अवैध रूप से स्थापित ट्रांसफार्मरों को निर्देश के बावजूद निकलवाने हेतु कोई सार्थक कार्यवाही न किये जाने के कारण 38 नग ट्रांसफार्मरों में से 22 नग ट्रांसफार्मर गायब हो जाने से कंपनी को लगभग राशि 6.44 लाख रुपये की वित्तीय क्षति कारित हुई है।
इस पूरे मामले में अभी तक कार्यपालन अभियंता सर्वेश शुक्ला से कार्यपालन अभियंता का चालू प्रभार एवं शक्तियां तत्काल प्रभाव से वापस लेते हुए स्थानांतरित कर कार्यपालन अभियंता (शहर) संभाग रीवा अंतर्गत सहायक अभियंता के पद पर पदस्थ किया गया है।
वहीं सहायक अभियंता रामप्रकाश द्विवेदी से सहायक अभियंता का चालू प्रभार एवं शक्तियां तत्काल प्रभाव से वापस लेते हुए स्थानांतरित कर कार्यपालन अभियंता (सं./सं.) उत्तर संभाग दमोह के प्रशासनिक नियंत्रण में पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा इस घोटाले में शामिल लखनलाल अवस्थी, लाइन परिचारक श्रेणी-2 वितरण केन्द्र बक्सवाहा (सं./सं.) संभाग बिजावर को प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरित कर कार्यमुक्त करते हुए कार्यपालन अभियंता (सं./सं.) संभाग पन्ना के प्रशासनिक नियंत्रण में पदस्थ किया गया है।
ये भी पढ़ें











